ABC News: दिल्ली विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी को बहुत बड़ा झटका लगा है. अरविंद केजरीवाल-मनीष सिसोदिया समेत आम आदमी पार्टी के कई बड़े चेहरे चुनाव हार गए हैं. हालांकि, आतिशी ने कालकाजी सीट से जीत दर्ज की है. विधानसभा चुनाव में नई दिल्ली सीट पर भाजपा के प्रवेश वर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हरा दिया है. केजरीवाल को 3182 वोटों से हार मिली है. अरविंद केजरीवाल की हर की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. नई दिल्ली विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने जीत हासिल करने के बाद केंद्रीय गृहमंत्री से मुलाकात की. फिलहाल, प्रवेश वर्मा अमित शाह के घर पर मौजूद हैं.

वहीं, जंगपुरा सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मनीष सिसोदिया को हार मिली है. इस सीट पर बीजेपी के तरविंदर सिंह मारवाह ने 1844 वोटों के अंतर से जीत हासिल की है. जंगपुरा विधानसभा सीट से हार के बाद आम आदमी पार्टी उम्मीदवार मनीष सिसोदिया ने कहा कि हम सब कार्यकर्ताओं ने मेहनत से चुनाव लड़ा. जंगपुरा के लोगों ने भी बहुत प्यार दिया, लेकिन हम 600 वोटों से पीछे रहे गए. मैं बीजेपी कैंडिडेट को बधाई देता हूं और उम्मीद करता हूं कि वो जनता की सेवा करेंगे. हमसे कहां चूक हुई, इसका विश्लेषण किया जाएगा. कालकाजी विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार आतिशी को जीत मिली है. यहां से बीजेपी के रमेश बिधूड़ी और कांग्रेस से अलका लांबा चुनावी मैदान में थे. लक्ष्मी नगर से भाजपा के अभय वर्मा ने जीत दर्ज की है. पटपड़गंज विधानसभा सीट भाजपा के रवींद्र सिंह नेगी जीत गए हैं.राजेंद्र नगर विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के दुर्गेश पाठक को हार मिली है. बीजेपी के उमंग बजाज ने 1500 वोटों से ज्यादा के अंतर से जीत हासिल की है. आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार इमरान हुसैन बल्लीमारान विधानसभा सीट से जीत गए हैं. बीजेपी के कमल बागड़ी दूसरे स्थान पर रहे. दोनों में जीत हार का फर्क 29 हजार वोटों से ज्यादा का है. दिल्ली में BJP की जीत पर शिवसेना नेता संजय निरुपम का बड़ा बयान आया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरे देश में वेंटीलेटर पर है पर दिल्ली में मर गई है. कोंडली विधानसभा से AAP उम्मीदवार कुलदीप कुमार ने जीत दर्ज़ की. दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और पार्टी के अन्य नेता मिठाई खिलाकर एक दूसरे को बधाई दे रहे हैं. दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने अपने साथियों को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया है, क्योंकि दिल्ली में 27 साल का बनवास टूट रहा है.

