ABC News: कानपुर में निर्माणाधीन सीएम ग्रिड योजना की सड़कों को लेकर तीन दिनों से नगर आयुक्त लगातार निरीक्षण कर रहे हैं. नगर आयुक्त ने बाबा कुटी से अलंकार गेस्ट हाउस वाली सड़क का निरीक्षण किया तो पता चला कि अभी तक साउथ एक्स मॉल के सामने स्टॉर्म वॉटर लाइन डालने का काम पूरा ही नहीं हुआ है. जबकि 18 नवंबर को निरीक्षण के दौरान 21 नवंबर तक की समयसीमा दी गई थी.

इससे नाराज नगर आयुक्त ने शनिवार तक काम पूरा न होने पर अवर अभियंता हरीओम के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की बात कही. इसी तरह बाबा कुटी से मार्बल मार्केट तक फुटपाथ निर्माण कार्य भी अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं पाया गया. एक सप्ताह में बाकी बचे फुटपाथ का काम पूरा न होने पर कार्यदायी संस्था को कार्रवाई की चेतावनी दी गई, इसके अलावा 30 नवंबर तक सड़क और फुटपाथ का काम पूरा करने को कहा गया. इसके लिए कार्यदायी संस्था को यहां पर 200 मजदूरों को लगाने को कहा गया है. बताया गया कि यहां पर तीन दिन में स्ट्रीट लाइट्स के पोल लग जाएंगे.

विकासनगर में भी कछुआ चाल
देर रात जब नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने विकासनगर में जायजा लिया तो यहां पर काम अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं मिला. इस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जाहिर की, बताया गया कि यहां पर अभी तक करीब पौने दो किलोमीटर सड़क निर्माण और दो किलोमीटर एरिया में यूटिलिटी संबंधी कार्य ही पूरा हुआ है, जबकि यहां पर 5.4 किलोमीटर एरिया में फुटपाथ का निर्माण कार्य होना है. नगर आयुक्त ने कार्यदायी संस्था पर नाराजगी जाहिर करते हुए एक सप्ताह में दोनों मशीनें लगाकर तेजी से काम करने के निर्देश दिए हैं, ऐसा न होने पर एक लाख रूपए प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना लगाने के निर्देश दिए हैं. इसके अलावा मुख्य अभियंता को संबंधित फर्म को चेतावनी जारी करने के भी निर्देश दिए हैं. नगर आयुक्त ने 20 दिसंबर तक हर हालत में काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं.

फूलमंडी से दो बार वसूला जाएगा यूजर चार्ज
निरीक्षण के दौरान नौबस्ता जाने वाले रास्ते में अवैध रूप से संचालित फूल मंडी की गंदगी जगह जगह पायी गई, इस पर नगर आयुक्त ने फूल मंडी में अवैध रूप से व्यवसाय करने वालों को हटाने और यहां से प्रतिदिन दो बार यूजर चार्ज वसूल करने के निर्देश दिए हैं.

