ABC News: कानपुर के पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में हुए अग्निकांड के बाद अब केडीए ने वहां पर ध्वस्तीकरण का नोटिस चस्पा किया है. इस नोटिस के बाद यहां पर रहने वाले फ्लैट मालिकों में आक्रोश देखा जा रहा है. नोटिस के विरोध में यहां पर फ्लैट्स में रहने वाले लोग शाम को मोतीझील स्थित केडीए दफ्तर पहुंचे.
भाजपा पार्षद विकास जायसवाल के साथ केडीए पहुंचे फ्लैट मालिकों ने कहा कि अगर केडीए ने अपार्टमेंट को ध्वस्त कर दिया तो वह लोग कहां पर रहेंगे. ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कि अगर ऐसा कुछ वहां पर होता है तो वह लोग एकजुट होकर विरोध करेंगे. अग्निकांड में अपने इकलौते पुत्र को गंवाने वाले अनिल कुमार बाथम ने कहा कि उन लोगों की जीवन भर की पूंजी फ्लैट खरीदने में लगी है.
जब यहां पर अवैध रूप से अपार्टमेंट बन रहा था तो केडीए वाले क्यों देखने नहीं आए. उपाध्यक्ष को दिए गए ज्ञापन में इमारत का ध्वस्तीकरण न कराकर उसकी मरम्मत कराने को कहा गया है और इसका शुल्क बिल्डर से वसूलने की मांग की गई है.
बताया गया कि उपाध्यक्ष ने यहां पर जांच का आश्वासन दिया है.

