ABC News: पनकी के रतनपुर में मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट में घायल बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत हो गई. बुजुर्ग की मौत से आक्रोशित परिजनों ने गुरूवार को शव रखकर पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर सड़क जाम कर दी. परिजनों ने पुलिस पर मामले में ढिलाई बरतने का आरोप लगाते हुए विवेचक बदलने की मांग की है. इसके अलावा आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की गई.
पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर सड़क पर शव रखकर धरने पर बैठे लोगों ने बताया कि बीती 28 सितंबर को घर के बाहर सफाई करने को लेकर पड़ोस में रहने वाले सीटू, सल्लू, तौफीक, शानू आदि से विवाद हो गया था. उस समय मामला शांत हो गया लेकिन थोड़ी देर बाद आरोपी अन्य लोगो के साथ घर में घुस आए और महिलाओं और युवकों के साथ मारपीट करने लगे. इस दौरान उनके पिता को बुरी तरह से मारापीटा गया, जिसमें उनके कूल्हे की हड्डी टूट गई थी.
उस समय मोहल्ले वालों ने बीचबचाव कर मामला शांत करा दिया. उसके बाद से लगातार अस्पताल में भर्ती बुजुर्ग की एक दिन पहले मौत हो गई. बुजुर्ग की मौत से भड़के परिजनों ने पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर जमकर हंगामा किया. इस दौरान यहां पर पहुंचे पुलिस अफसर भी उन्हें शांत कराते रहे. परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा था लेकिन उसे छोड़ दिया. विवेचक पर फोन न उठाने का भी आरोप लगाया.

