ABC News: कानपुर में सेंट्रल स्टेशन से नौबस्ता तक मेट्रो दौड़ने के इंतजार के बीच दूसरे कॉरीडोर में तेजी से काम चल रहा है. सीएसए से बर्रा-8 करीब 8.60 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर-2 पर ट्रैक निर्माण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है. रावतपुर के निकट स्थित कॉरिडोर-2 डिपो से विजय नगर चौराहा स्टेशन तक ‘डाउनलाइन’ पर ट्रैक निर्माण कार्य पूरा करने के बाद टेस्टिंग प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है.

इसके साथ ही, विजय नगर चौराहा मेट्रो स्टेशन के निकट वायाडक्ट पर कॉरिडोर-2 के पहले सीजर क्रॉसओवर की ढलाई का कार्य भी पूरा हो गया. इसके अतिरिक्त, मेनलाइन से कॉरिडोर-2 डिपो की ओर ट्रेनों के आवागमन के लिए रावतपुर अंडरग्राउंड स्टेशन के निकट दो टर्नआउट का निर्माण भी किया गया है.

मेट्रो अफसरों ने बताया कि क्रॉसओवर एक ऐसी ट्रैक संरचना होती है, जिसके माध्यम से मेट्रो ट्रेन एक ट्रैक से दूसरे ट्रैक पर जा सकती है. सामान्य क्रॉसओवर में दो टर्नआउट की व्यवस्था होती है, जबकि सीजर क्रॉसओवर में चार टर्नआउट होते हैं. इसकी सहायता से दोनों दिशाओं में संचालित ट्रेनें आवश्यकता के अनुसार एक ट्रैक से दूसरे ट्रैक पर जा सकती हैं. विजय नगर चौराहा स्टेशन के निकट तैयार किया गया क्रॉसओवर एक सीजर क्रॉसओवर है. इसी प्रकार के सीजर क्रॉसओवर कॉरिडोर-2 के पहले स्टेशन सीएसए और अंतिम स्टेशन बर्रा-8 के निकट भी तैयार किए जाएंगे. इस प्रकार कॉरिडोर-2 पर कुल तीन सीजर क्रॉसओवर बनाए जाएंगे. इनके अतिरिक्त, रावतपुर अंडरग्राउंड स्टेशन और बर्रा-7 एलिवेटेड स्टेशन के निकट दो टर्नआउट की व्यवस्था वाले एक – एक क्रॉसओवर का भी निर्माण किया जाएगा.

