ABC News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. देर शाम मुख्यमंत्री योगी नई दिल्ली स्थित केंद्रीय मंत्री के आवास पर पहुंचे और यहां उनसे शिष्टाचार भेंट की. बता दें कि उत्तर प्रदेश में चुनाव को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं.

अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद के बीच इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है. दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात ऐसे समय में हो रही है, जब मंदिर दान चोरी मामले को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज ही दिल्ली पहुंचे हैं. उनकी भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मिलने की संभावना है. मुख्यमंत्री के अचानक दिल्ली दौरे से राजनीतिक हलकों में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं. माना जा रहा है कि इन बैठकों में संगठन और राज्य से जुड़े अहम मुद्दों के साथ-साथ आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर भी चर्चा हो सकती है. हालांकि, बैठकों के एजेंडे के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे पर राजनीतिक और प्रशासनिक, दोनों स्तरों पर बारीकी से नजर रखी जा रही है. गौरतलब हो कि कुछ समय पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी लखनऊ आए थे, जिसके बाद से संगठन में चुनावी तैयारियों को और हवा मिल गई. इस बीच सीएम योगी और अमित शाह की मुलाकात के बाद संगठन में बड़े बदलाव की चर्चाओं का दौर बढ़ गया है. हालांकि, प्रदेश इकाई ने बीती 11 जुलाई को बैठक की थी, जिसमें पदाधिकारियों को आठ कार्यक्रमों का होमवर्क दे दिया गया था, ये सभी कार्यक्रम चुनाव तक संचालित किए जाएंगे. 19 से 22 जुलाई तक सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ सम्मेलन की योजना है, जिससे चुनावी जमीन मजबूत होगी.

