ABC News: दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विमान के अंदर यात्रियों का सामान रखने वाली जगह पर आग लग गई. जानकारी के मुताबिक, एक यात्री के पावर बैंक में खराबी के कारण यह घटना हुई. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को हैदराबाद की ओर मोड़ दिया गया. वहां राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई. विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं.

जानकारी के अनुसार, इंडिगो की यह उड़ान दिल्ली से चेन्नई के लिए रवाना हुई थी. सफर के बीच में यात्रियों के सिर के ऊपर बने लगेज कंपार्टमेंट में रखे एक बैग से अचानक लपटें और तेज धुआं निकलने लगा. केबिन में धुआं फैलते ही यात्रियों के बीच अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया. धुआं उठते ही विमान के केबिन क्रू ने तुरंत मोर्चा संभाला. एविएशन सेफ्टी प्रोटोकॉल का पालन करते हुए क्रू मेंबर्स ने तुरंत आग बुझाने वाले उपकरणों का इस्तेमाल किया और लपटों पर काबू पाया. इसी दौरान कॉकपिट क्रू ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया.विमान को नजदीकी हवाई अड्डे यानी हैदराबाद डायवर्ट करने की अनुमति मांगी. विमान को हैदराबाद एयरपोर्ट पर प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित उतार लिया गया. लैंडिंग के बाद सुरक्षा मानकों के तहत विमान की विस्तृत तकनीकी जांच शुरू की गई. अधिकारियों और एयरलाइन की ओर से पुष्टि की गई है कि समय रहते स्थिति पर काबू पा लेने से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है. यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए आगे के प्रबंध किए जा रहे हैं.

