ABC News: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी यास्तिका भाटिया ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में शानदार शतक जड़कर इतिहास रच दिया. वह इस ऐतिहासिक मैदान पर टेस्ट शतक लगाने वाली दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर बन गईं. तीसरे दिन के खेल के दूसरे सेशन की शुरुआत में ही 25 साल की इस भारतीय बैटर ने यह उपलब्धि नाम की, जब सिंगल लेकर अपने इंटरनेशनल करियर का पहला शतक पूरा किया.

बाएं हाथ की यह बैटर ‘मक्का ऑफ क्रिकेट’ कहे जाने वाले लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर टेस्ट शतक लगाने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनी हैं. इसके साथ ही उन्होंने वह कारनामा कर दिखाया है, जो भारतीय महिला क्रिकेट इतिहास में पिछले 41 सालों में कोई भारतीय महिला बल्लेबाज नहीं कर सकी थी.भारत और इंग्लैंड की महिला टीमों के बीच लॉर्ड्स में खेला जा रहा ऐतिहासिक टेस्ट यास्तिका भाटिया के लिए हमेशा के लिए यादगार बन गया. उन्होंने न सिर्फ अपने टेस्ट करियर का पहला शतक ठोका, बल्कि 41 साल पुराना महारिकॉर्ड भी ब्रेक कर दिया. यास्तिका भाटिया अब महिला टेस्ट मैच की तीसरी या चौथी पारी में भारत की तरफ से सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाली नंबर-1 बल्लेबाज बन गई हैं.

यास्तिका भाटिया ने भारत की महान पूर्व बल्लेबाज संध्या अग्रवाल का रिकॉर्ड ब्रेक किया, जिन्होंने आज से 41 साल पहले, साल 1985 में न्यूजीलैंड के खिलाफ लखनऊ में चौथी पारी में 98 रनों की पारी खेली थी. वहीं, 1984 में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वानखेड़े में 83 रन बनाए थे. यास्तिका ने इन दोनों रिकॉर्ड्स को पीछे छोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है. यास्तिका भाटिया ने इंग्लिश गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए महज 145 गेंदों में अपना पहला टेस्ट शतक पूरा किया. इस ऐतिहासिक पारी के दौरान उनके बल्ले से शानदार 12 चौके निकले. वह नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने आई थीं और 158 बॉल पर 14 चौकों की मदद से 113 रन बनाकर आउट हुईं.

भारत के लिए महिला टेस्ट की तीसरी/चौथी पारी में सबसे ज़्यादा स्कोर
113 – यास्तिका भाटिया बनाम ENG-W, लॉर्ड्स, 2026
98 – संध्या अग्रवाल बनाम NZ-W, लखनऊ, 1985
83 – संध्या अग्रवाल बनाम AUS-W, वानखेड़े, 1984
80* – स्नेह राणा बनाम ENG-W, ब्रिस्टल, 2021
75 – गार्गी बनर्जी बनाम ENG-W, ब्लैकपूल, 1986
72 – गार्गी बनर्जी बनाम AUS-W, वानखेड़े, 1984

