ABC News: मोमोज़ का नाम सुनकर मुंह में पानी आना स्वाभाविक है लेकिन क्या मोमोज़ खाकर किसी की जान भी जा सकती है. भले ही एकबारगी में यह सुनने में सही नहीं लगे लेकिन ऐसा हुआ है और मोमोज़ खाकर एक महिला की मौत भी हो गई. पुलिस ने इस घटना में हत्या का मामला दर्ज किया है.

मोमोज़ खाने से हुई मौत का मामला हैदराबाद के बंजारा हिल्स का है. यहां पर सड़क किनारे एक दुकान से मोमोज़ खाने के बाद 33 साल की एक महिला की मौत हो गई. साथ ही 20 अन्य लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हुए. इस घटना के बाद जांच में पता चला कि रेशमा बेगम और उनकी 12 और 14 साल की बेटियों ने एक सड़क विक्रेता से मोमोज खाए थे. इसके तुरंत बाद, उन्हें दस्त, पेट दर्द और उल्टी की प्रॉब्लम होने लगी. रेशमा अपने बच्चों कि सिंगल पेरेंट्स थी. बंजारा हिल्स पुलिस थाने के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर राम बाबू ने पीटीआई समाचार एजेंसी को बताया कि हमें शिकायत मिली कि रेशमा बेगम (33) की मौत हो गई और 15 अन्य लोग एक ही दुकानदार से मोमोज खाने के बाद बीमार हुए हैं. हमने मामला दर्ज किया है और लगातार मामले की जांच कर रहे हैं.

पुलिस के अनुसार शुरूआती जांच में पाया गया कि दुकानदार बिना फूड सिक्योरिटी लाइसेंस के काम कर रहा था और खाना अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार किया जा रहा था. बताया जा रहा है कि मोमोज बनाने के लिए इस्तेमाल किया गया आटा बिना पैकिंग के फ्रिज में रखा गया था और जांच में यह भी पाया गया कि फ्रिज का दरवाजा टूटा हुआ था. इसके बाद खाद्य विक्रेता से नमूने प्रयोगशाला विश्लेषण के लिए भेजे गए हैं. रेशमा बेगम के परिवार की ओर से की गई पुलिस शिकायत के बाद ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम के फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट और पुलिस ने सड़क विक्रेता का पता लगाया. इस मामले में स्टॉल चलाने वाले दो लोगों को हिरासत में लिया गया है और हत्या के आरोप में मामला दर्ज किया गया है

