ABC News: कानपुर देहात के कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को दिशा की बैठक अकबरपुर सांसद देवेंद्र सिंह भोले की अध्यक्षता में हुई. बैठक में पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी भी राज्यमंत्री के प्रतिनिधि के तौर पर पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान अचानक एक मामले की जांच को लेकर पूर्व सांसद ने आरोप लगाने शुरू किए तो सांसद की तरफ से नामित सदस्यों ने बातें रखना शुरू की.
देखते ही देखते पूर्व सांसद व सांसद के बीच तीखी नोकझाेंक हो गई. दोनों नेताओं के बीच बहस इस कदर बढ़ गई कि हाथापाई की नौबत आ गई. मौके पर मौजूद डीएम और एसपी ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया. दोनों के बीच बहस बढ़ती देखकर बैठक को बीच में ही स्थगित करना पड़ा. सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने कहा कि पूर्व सांसद हर बार चुनाव से पहले इस तरह विवाद खड़ा करते हैं और अधिकारियों को निशाना बनाते हैं.
बैठक में मुझे ‘गुंडा’ कहा गया. मैं पिछले 50 साल से राजनीति कर रहा हूं. ये लोग जिले का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं. पूर्व सांसद पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि आप विकास दुबे के भाई को साथ लेकर घूम सकते हैं. जिसने संतोष शुक्ला की हत्या की थी और फिर दूसरों को गुंडा कहते हैं. आप खुद शासन से कहते हैं कि आपके पास फाइलें नहीं आतीं, तो फिर मंत्री बने ही क्यों हैं. अगर गुंडों की बात की जाएगी तो मुझसे बड़ा गुंडा कोई नहीं है. मैं कानपुर देहात का सबसे बड़ा हिस्ट्रीशीटर हूं.
वहीं, पूर्व सांसद अनिल शुक्ल वारसी ने सांसद पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सांसद ने दिशा समिति में ऐसे लोगों को शामिल किया है, जो आम लोगों को टारगेट करते हैं, उनका अपमान करते हैं. ये लोग फैक्ट्री मालिकों से भी वसूली करते हैं.

