ABC News: भारत के स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का इंग्लैंड में धमाल जारी है. उन्होंने भारतीय अंडर-19 टीम से खेलते हुए इंग्लैंड की अंडर-19 के खिलाफ चौथे यूथ वनडे में 78 गेंद पर 13 चौके और 10 छक्के की मदद से 143 रन की पारी खेली. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 183.33 का रहा. वैभव यूथ वनडे यानी युवा वनडे में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इतना ही नहीं, वह युवा वनडे के सबसे युवा शतकवीर भी बन गए हैं. शतक लगाने के वक्त उनकी उम्र 14 साल 100 दिन की रही. वैभव ने साथ ही पिछले मैच में बनाए अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ा.

पिछले वनडे में वह अंडर-19 यूथ वनडे के किसी एक मैच की पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बने थे. पिछले वनडे में वैभव ने 31 गेंद में छह चौके और नौ छक्के की मदद से 86 रन की पारी खेली थी. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 277.42 का रहा था. अब 10 छक्के लगाकर उन्होंने पिछले रिकॉर्ड सुधार किया. अंडर-19 यूथ वनडे के किसी एक मैच की पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का भारतीय रिकॉर्ड वैभव से पहले राज बावा (8 छक्के) के नाम था. उन्होंने 2022 में युगांडा के खिलाफ ऐसा किया था. हालांकि, वैभव ने पहले उनका रिकॉर्ड तोड़ा और अब खुद का ही रिकॉर्ड तोड़ दिया है. ग्लैंड अंडर-19 टीम के कप्तान थॉमस रियू ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया. आयुष म्हात्रे की अगुआई वाली भारतीय टीम सीरीज में 2-1 से आगे है. पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया की ओपनिंग अच्छी नहीं रही. कप्तान म्हात्रे पांच रन बनाकर आउट हुए. हालांकि, इसके बाद वैभव ने गियर बदला और चौके छक्कों की बरसात कर दी. उन्होंने किसी अंग्रेज गेंदबाज को नहीं बख्शा और 52 गेंद में शतक पूरा किया. वैभव 78 गेंद पर 143 रन की तूफानी पारी खेली और उन्हें बेन मेस ने जोसेफ मूर्स के हाथों कैच कराया. आउट होने से पहले वह तबाही मचा चुके थे.

वैभव को आने वाले समय का बड़ा बल्लेबाज माना जा रहा है.वह आईपीएल 2025 में भी कई रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं. वैभव ने दूसरे विकेट के लिए विहान मल्होत्रा के साथ 219 रन की साझेदारी निभाई. विहान ने भी अर्धशतक लगाया. वहीं, राहुल कुमार और हरवंश पंगलिया खाता नहीं खोल सके. भारत ने पहला वनडे छह विकेट से जीता था. फिर इंग्लैंड ने दूसरे वनडे में एक विकेट से जीत हासिल कर वापसी की थी. फिर तीसरे वनडे में भारत ने चार विकेट से जीत दर्ज की थी. अगर इस मैच में टीम इंडिया जीतती है तो सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त हासिल कर लेगी. पांचवां और आखिरी वनडे सात जुलाई को वॉर्सेस्टर में ही खेला जाएगा. वैभव अब तक इस दौरे पर चार पारियों में 200 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 322 रन बना चुके हैं. इस दौरान उन्होंने 27 चौके और 27 छक्के लगाए हैं. वैभव फिलहाल इस सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उनके बाद विहान मल्होत्रा का नंबर है. वहीं, इंग्लैंड के कप्तान थॉमस रियू तीसरे नंबर पर हैं. 14 साल के वैभव आईपीएल 2025 में शतक लगाकर सुर्खियों में आए थे. वह लीग में ऐसा करने वाले सबसे युवा बल्लेबाज भी बन गए थे. उन्होंने 35 गेंद पर शतक पूरा किया था जो कि किसी भारतीय द्वारा सबसे तेज है.

