ABC News: कानपुर में अवैध किडनी ट्रांसप्लांट के मामले में पुलिस ने दो और अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार दोनों व्यक्ति ओटी टेक्नीशियन हैं और गाजियाबाद के हॉस्पिटल में काम करते हैं. आहूजा हॉस्पिटल में हुए किडनी ट्रांसप्लांट में यह दोनों अभियुक्त भी शामिल थे और डॉ. रोहित की टीम के अहम सदस्य हैं.
पुलिस की जांच में पता चला कि पारूल तोमर की किडनी ट्रांसप्लांट को लेकर यह लोग उस दिन फ्लाईट से आए थे. डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि अवैध किडनी ट्रांसप्लांट के मामले में मूलरूप से हापुड़ निवासी और गाजियाबाद के इंद्रापुरमर् स्थित शांति गोपाल हॉस्पिटल में काम करने वाले कुलदीप सिंह राघव और गाजियाबाद के ही सर्वोदय हॉस्पिटल में काम करने वाले राजेश कुमार को गिरफ्तार किया है. इसमें एक और शख्स फरार चल रहा है, जिसकी पुलिस टीमें तलाश कर रही हैं. उन्होंने बताया कि इन दोनों को दलहन क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया गया है.
कानपुर में पारूल तोमर के किडनी ट्रांसप्लांट केा लेकर हुए आपरेशन में यह दोनों शामिल थे और दोनों ही डॉ रोहित की टीम के अहम सदस्य हैं. बताया गया कि दोनो हर केस के लिए 35 से 40 हजार रूपए लेते थे. दोनों का काम सर्जरी के उपकरण और दवाएं मुहैया कराना था. उन्होंने बताया कि दोनों अभियुक्तों से पूछताछ में पुलिस को कई अहम जानकारियां हासिल हुई हैं. दोनों के मोबाइल से भी कई अहम जानकारी मिली हैं.

