ABC News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत ने शनिवार को मुंबई में संघ के शताब्दी समारोह के तहत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया. इस कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान, फिल्मकार सुभाष घई और गीतकार, कवि एवं लेखक प्रसून जोशी भी मौजूद रहे.

सलमान खान ने मोहन भागवत की बात बड़े ध्यान से सुना, जिसमें उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि संघ किसी का विरोध किए बिना देश के लिए काम करता है, राष्ट्रीय एकता पर ध्यान केंद्रित करता है और सत्ता की लालसा किए बिना कार्य करता है. संघ प्रमुख ने कहा कि संघ किसी के ”खिलाफ” नहीं है और ना ही वह सत्ता या लोकप्रियता चाहता है. उन्होंने कहा, “हालांकि फिर भी यह देखा जा रहा है कि समाज को दिशा देने और अनुकूल वातावरण बनाने का काम नहीं हो रहा है.” भागवत ने कहा, ” आरएसएस किसी के खिलाफ नहीं है और किसी घटना की प्रतिक्रिया के रूप में काम नहीं करता है, बल्कि इसका मुख्य उद्देश्य देश में जारी सकारात्मक प्रयासों का समर्थन और उन्हें मजबूत करना है.” भागवत ने कहा कि संघ कोई अर्धसैनिक बल नहीं है, भले ही वह नियमित ‘पथ संचलन’ करता है और उसके स्वयंसेवक लाठी चलाते हैं, लेकिन इसे एक अखाड़े के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि आरएसएस राजनीति में भी शामिल नहीं है. हालांकि, संघ से जुड़े कुछ लोग राजनीतिक जीवन में सक्रिय हैं. संघ प्रमुख मोहन भागवत ने वर्ष 1925 में आरएसएस की स्थापना से पहले के देश की परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि अंग्रेजों ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को एक “सुरक्षा वाल्व” के रूप में स्थापित किया, लेकिन भारतीयों ने इसे स्वतंत्रता संग्राम का शक्तिशाली साधन बना दिया. भागवत ने आरएसएस के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार का उल्लेख करते हुए उनके बचपन की कठिन परिस्थितियों का वर्णन किया, जिसमें 13 वर्ष की उम्र में प्लेग से माता-पिता का निधन और उसके बाद हुई आर्थिक कठिनाइयां शामिल थीं. भागवत ने कहा कि हेडगेवार ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान विभिन्न आंदोलनों में सक्रिय रूप से भाग लिया, जिसमें उनके स्कूल के दिनों में वंदे मातरम् आंदोलन भी शामिल था. भागवत ने कहा कि जब उन्होंने मैट्रिक की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की, तो नागपुर के कुछ लोगों ने उन्हें मेडिकल की पढ़ाई के लिए कोलकाता भेजने हेतु धन जुटाया, जहां वह क्रांतिकारी समूहों के सम्पर्क में आये. उन्होंने कहा, “संघ का जो काम है, संघ के लिए नहीं है. पूरे देश के लिए है, भारतवर्ष के लिए है. संघ किसी दूसरे संगठन के कंपटीशन में नहीं निकला है, संघ किसी एक विशेष परिस्थिति की, रिएक्शन में प्रतिक्रिया में नहीं चला है, संघ किसी के विरोध में नहीं चला है, हमारा काम है कि किसी का विरोध किए बिना काम करें. संघ को पॉपुलैरिटी नहीं चाहिए, संघ को पावर नहीं चाहिए. “मोहन भागवत ने कहा, “संघ को देखना है तो संघ की शाखा देखिए, संघ के कार्यकर्ताओं के घर-परिवार देखिए. संघ को समाज में अलग संगठन खड़ा नहीं करना है, प्रेशर ग्रुप खड़ा नहीं करना है. भाग्य का परिवर्तन देश के समाज के कारण होता है, जितने देश बड़े हुए, कुछ नीचे भी गिर गए, पुरानी बात नहीं कर रहा ,आधुनिक बात कर रहा हूं, अमेरिका है, ब्रिटेन है, फ्रांस है, चीन है ,जर्मनी है, इन सब के उत्थान पतन का 100 वर्ष का इतिहास देख लीजिए, उस पर पुस्तक भी मिलेगी, आपको ध्यान में आएगा वहां का समाज तैयार हुआ ,उसको पहले तैयार किया गया ,बाद में उसका उत्थान हुआ.”

मोहन भागवत ने कहा, “हम कहते हैं कि भारत में हिंदू ही हैं और कोई नहीं, हिंदू हैं यानी क्या, हिंदू कहने से उसे रिलिजन ना मानें, पूजा, बाती, कर्मकांड ना मानें, हिंदू एक विशेष समुदाय का नाम नहीं है, हिंदू संज्ञा नहीं है, नाउन नहीं है, हिंदू विश्लेषण है.” मोहन भागवत ने कहा, “हिन्दू शब्द बाहर से आया है, कहते हैं कि पारसी और ईरान से आया. धर्म शास्त्र लिखे गए मानव धर्म शास्त्र, हिन्दू धर्म शास्त्र नहीं। संत गुरु नानक जी ने सबसे पहले हिन्दू शब्द का प्रयोग किया. हम लोगों का जो आपस का व्यवहार है वो सौदे पर नहीं अपनेपन पर चलेगा. हिंदुस्तान का सनातन स्वाभाव नहीं बदलता. ऋषि मुनियों ने सोचा सब अपने हैं तो सारा ज्ञान दुनिया को देना चाहिए. भारत धर्म प्राण है, सबको साथ में चलना है किसी को छोड़ना नहीं है. अकेले रहना है तो कोई अनुशासन नहीं है लेकिन सबके साथ रहना है तो अनुशासन है. सृष्टि जब से चल रही है तब से धर्म से ही चल रही है. धर्मनिरपेक्षता गलत शब्द है, पंथनिरपेक्षता होना चाहिए. मोहन भागवत ने कहा, “सबका सम्मान करो, सबका स्वीकार करो, अपनी श्रद्धा पर पक्के रहो, दूसरे की श्रद्धाओं का सम्मान स्वीकार करो, मिलजुल कर रहो, यह मुख्य बात है. हिंदुस्तान का स्वभाव सनातन है. भारत धर्म प्राण है, वह जानता है कि सब कुछ एक है, सबको साथ में चलना है, किसी को छोड़ना नहीं है.”

