ABC News: दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्ते होर्मुज जलडमरूमध्य में एक बार फिर बारूद की गंध फैल गई हैत. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बुधवार को ईरानी सेना ने अंतरराष्ट्रीय जलसीमा से गुजर रहे तीन व्यापारिक जहाजों पर अंधाधुंध गोलीबारी की. इसमें एक जहाज तो भारत की ओर आ रहा था. इन हालातों में वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर संकट के बादल और गहरे हो गए हैं. यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका और इस्राइल के साथ ईरान की शांति वार्ता को लेकर प्रयास किए जा रहे थे.

ईरानी स्टेट टेलीविजन की रिपोर्ट के मुताबिक, एक जहाज पनामा ध्वज वाला ‘एमएससी फ्रांसेस्का’ और दूसरा लाइबेरिया ध्वज वाला ‘एपामिनोड्स’ जहाज अब IRGC की हिरासत में हैं और उन्हें ईरान ले जाया गया है. एक तीसरा जहाज ग्रीक ध्वज वाला ‘यूफोरिया’ भी निशाने पर था और अब वह ईरान के तट के पास फंसा हुआ है. मीडिया रिपोर्ट्स में जहाज ट्रैकिंग डेटा के अनुसार कहा गया कि ईरान की ओर से जब्त किया गया जहाज एपामिनोंडास (Epaminodes ) गुजरात के मुंद्रा पोर्ट जा रहा था. ये जहाज दुबई से अपनी यात्रा शुरू कर भारत की ओर आ रहा था कि तभी आईआरजीसी ने इस पर हमला कर अपने कब्जे में ले लिया. भारतीय बंदरगाह की ओर जा रहे जहाज की इस जब्ती ने समुद्री सुरक्षा और सप्लाई चेन को लेकर भारत की चिंताएं बढ़ा दी हैं. खबरों के मुताबिक, ईरानी सेना ने पहले एक कंटेनर जहाज पर गोलियां चलाईं और उसके कुछ ही देर बाद दूसरे जहाज को निशाना बनाया. ईरानी मीडिया का दावा है कि इन जहाजों ने सेना की चेतावनियों को नजरअंदाज किया था, इसलिए उन पर कानूनी रूप से कार्रवाई की गई. यह हमला उस वक्त हुआ जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने बुधवार को खत्म होने वाले संघर्षविराम को अनिश्चित काल के लिए बढ़ाने का ऐलान किया था. ट्रंप ने उम्मीद जताई थी कि इससे बातचीत का रास्ता खुलेगा. हालांकि, ट्रंप ने यह भी साफ कर दिया कि ईरान के बंदरगाहों की घेराबंदी जारी रहेगी. ईरान इसी बात से नाराज है. ईरान के कूटनीतिज्ञों का कहना है कि जब तक अमेरिका अपनी घेराबंदी नहीं हटाता, तब तक वे किसी भी तरह की शांति वार्ता के लिए मेज पर नहीं आएंगे. यानी सीजफायर होने के बावजूद समुद्र में छिड़ी यह जंग खत्म होने का नाम नहीं ले रही है.

