ABC News: सीबीएसई (CBSE) 12वीं के नतीजे आने के बाद छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं में मार्किंग के हेर-फेर और कटौती विवाद के बाद सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है. शिक्षा मंत्रालय की तरफ से सीबीएसई के अध्यक्ष और सचिव का तबादला कर दिया गया है. इसके साथ ही सीबीएसई द्वारा ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सेवाओं की खरीद की जांच के लिए एक जांच समिति का गठन किया गया है. ऑन-स्क्रीन मार्किंग मामले की जांच राधा चौहान करेंगी.

सूत्रों के हवाले से ऐसी भी खबरें सामने आ रही हैं कि सीबीएसई OSM मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी सीधी नजर है. चर्चा इस बात की है कि OSM विवाद के बीच CBSE के चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का तबादला किया गया है. CBSE की ओर से ऑन-स्क्रीन मार्किंग की प्रक्रिया में गड़बड़ी की जांच के लिए एक इंक्वायरी कमेटी का भी गठन किया गया है. यह समिति पूरे मामले की गहराई से जांच करेगी. इस समिति की कमान कैपेसिटी बिल्डिंग कमिशन की अध्यक्ष एस. राधा चौहान को सौंपी गई है. उन्हें ये अधिकार दिया गया है कि वे जरूरत पड़ने पर दूसरे विभागों के अधिकारियों की मदद ले सकती हैं. इसके अलावा, समिति को कामकाज में मदद (Secretarial Assistance) देने की जिम्मेदारी भी कैपेसिटी बिल्डिंग कमिशन को ही सौंपी गई है. इस समिति को अपनी जांच पूरी करके एक महीने के भीतर कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) को अपनी रिपोर्ट सौंपनी होगी.

