ABC News: बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर हमला करने के मामले में पुलिस को कुछ सफलता हाथ मिलते दिख रही है. पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है. उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. बताया जा रहा है कि यह संदिग्ध दिखने में हूबहू वैसा ही है, जैसा सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है. हालांकि, पुलिस अभी पूरे मामले में कुछ भी स्पष्ट कहने से बच रही है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुंबई डीसीपी का कहना है कि जिस शख्स को लेकर अभी पुलिस स्टेशन लाए हैं. वह हाउस ब्रेकिंग का आरोपी है. उस पर पहले भी हाउस ब्रेकिंग के मामले दर्ज हैं और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है.पुलिस ने हाल ही में जिस संदिग्ध को हिरासत में लिया उससे बांद्रा थाने में पूछताछ जारी है. पुलिस का कहना है कि ये संदिग्ध सीसीटीवी में दिखने वाला आरोपी नहीं है, लेकिन हम पूरी छानबीन करेंगे. इन सबके बीच कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में सैफ अली खान की हेल्थ को लेकर अपडेट आया है. इन रिपोर्ट के मुताबिक, सर्जरी के बाद सैफ अभी भी बेहोश हैं. मुंबई के प्रसिद्ध अस्पताल के डॉक्टर उनकी स्थिति पर कड़ी निगरानी बनाए हुए हैं. वर्तमान में, अभिनेता के पास सिर्फ परिवार और करीबी दोस्तों को जाने की इजाजत दी जा रही है. अस्पताल के चीफ ऑपरेशन ऑफिसर डॉ. नीरज उत्तमानी ने बताया था कि सैफ अली खान को छह चोटें आई हैं. सैफ की पीठ पर गंभीर चोट आई है. उनकी रीढ़ में चाकू लगा है और सर्जरी में उसे हटाने की वजह से स्पाइनल फ्लूइड लीक हो रहा है.
सैफ अली खान पर हुए हमले के बाद पत्नी करीना कपूर ने भी एक लंबा चौड़ा बयान जारी किया है, जिसमें एक्ट्रेस ने फैंस के वक्त मांगा है और मीडिया से भी कवरेज कम करने के लिए कही है. करीना ने कहा कि ये दिन उनके और उनके परिवार के लिए काफी परेशानी भरा था. हम अभी तक सदमे से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे हैं. करीना ने मीडिया, पैपराजी और लोगों को सैफ की हालत पर अपनी अटकलें लगाने से भी मना किया है. उन्होंने लोगों से गुजारिश की है कि किसी भी तरह की अटकलें ना लगाएं, और निरंतर कवरेज ना करें.

बता दें कि सैफ अली खान से अस्पताल में अब परिवार के लोग मिलने पहुंच रहे हैं. बीती रात ही उनकी मां शर्मिला टैगोर अपने बेटे से मिलने पहुंचीं. शर्मिला आंखों पर चश्मा लगाए अस्पताल आईं. इस मौके पर उनके चेहरे पर टेंशन साफ नजर आ रही थीं. शर्मिला अपनी बेटी सोहा के साथ यहां पहुंची थीं.

