ABC News: भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है. न्यू चंडीगढ़ में खेले गए मैच में शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम ने अफगानिस्तान को एक पारी और 300 रन से रौंद दिया. टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में ये भारत की सबसे बड़ी जीत है. इस यादगार जीत में डेब्यूटेंट मानव सुथार का सबसे अहम योगदान रहा. बाएं हाथ के स्पिनर ने अपने पहले इंटरनेशनल मैच में ही शानदार प्रदर्शन कर कई रिकॉर्ड्स बना दिए. वो इस शताब्दी में सिर्फ दूसरे ऐसे भारतीय बने हैं, जिन्होंने अपने पहले टेस्ट मैच की पारी में पांच विकेट चटकाने का बड़ा कारनामा किया है.
The first of many to come ✨
— BCCI (@BCCI) June 8, 2026
Manav Suthar caps off a dream debut with the Player of the Match award 👏
Relive his spell ▶️ https://t.co/UXQVUy1QqX#TeamIndia | #INDvAFG | @IDFCFIRSTBank pic.twitter.com/1VzsrkJiY4
मानव सुथार से पहले पूर्व लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने ये करिश्मा किया था. अफगानिस्तान के खिलाफ स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर मानव सुथार को टेस्ट में डेब्यू करने का मौका मिला. उन्हें स्टार स्पिनर कुलदीप यादव ने भारतीय टीम की कैप पहनाई. सुथार ने पहली पारी में 6 विकेट लेकर इतिहास के पन्नों में अपना नाम हमेशा के लिए दर्ज करा लिया. वो पूर्व दिग्गज स्पिनर नरेंद्र हिरवानी (8/61) के बाद भारत के लिए पहली टेस्ट पारी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले दूसरे गेंदबाज बन गए हैं. बाएं हाथ के स्पिनर ने 33 रन देकर 6 विकेट चटकाए. मध्य प्रदेश के 23 वर्षीय खिलाड़ी ने अपने टेस्ट डेब्यू को यादगार बना दिया है. एक तो इस मैच में भारत ने टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी जीत दर्ज की. वहीं, मानव सुथार ने ऐसा कारनामा किया, जिसे फैंस सालों तक याद करेंगे. वो इस शताब्दी में अमित मिश्रा के बाद पहली टेस्ट पारी में पंजा खोलने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय बने हैं. इतना ही नहीं, पिछले 35 वर्षों में केवल दो भारतीय गेंदबाजों ने टेस्ट डेब्यू पर 6 विकेट लिए हैं. पूर्व महान स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने डेब्यू पर 6 विकेट चटकाए थे और अब मानव सुथार ने भी उसी अंदाज में सफर की शुरुआत की है.

टेस्ट डेब्यू पर प्लेयर ऑफ द मैच जीतने वाले भारतीय
मानव सुथार अपने टेस्ट डेब्यू पर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड जीतने वाले दूसरे भारतीय स्पिनर बने हैं. उनसे पहले 2011 में रविचंद्रन अश्विन ने ये कमाल किया था. यहां देखें टेस्ट डेब्यू पर POTM अवॉर्ड जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट.
1992 – प्रवीण आमरे
2006 – आरपी सिंह
2011 – रवि अश्विन
2013 – शिखर धवन
2013 – रोहित शर्मा
2018 – पृथ्वी शॉ
2021 – श्रेयस अय्यर
2023 – यशस्वी जायसवाल
2026 – मानव सुथार

