ABC News: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने शुक्रवार को घोषणा की कि भारतीय टीम इस साल सितंबर में बांग्लादेश का दौरा करेगी, जहां दोनों टीमों के बीच तीन वनडे और इतने ही मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेली जाएगी. हालांकि, मौजूदा हालात को देखते हुए यह अभी स्पष्ट नहीं है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) इस दौरे के लिए अंतिम मंजूरी देगा या नहीं, क्योंकि बांग्लादेश में फिलहाल स्थिर सरकार नहीं है. बीसीबी द्वारा जारी किए गए कार्यक्रम के अनुसार, दोनों टीमों के बीच 1, 3 और 6 सितंबर को वनडे मुकाबले खेले जाएंगे. इसके बाद 9, 12 और 13 सितंबर को भारत और बांग्लादेश की टक्कर टी20 सीरीज में होगी. भारतीय टीम 28 अगस्त को बांग्लादेश पहुंचेगी.

बता दें कि, पिछले साल जुलाई में भारत का बांग्लादेश दौरा अनिश्चितकाल के लिए रद्द कर दिया गया था और छह मैचों की सफेद गेंद की सीरीज को एक साल से अधिक समय के लिए टाल दिया गया था. उस समय बीसीसीआई ने बयान जारी कर कहा था, ‘बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आपसी सहमति से अगस्त 2025 में होने वाली तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की सीरीज को सितंबर 2026 तक के लिए स्थगित करने का फैसला किया है.’ बयान में यह भी कहा गया था कि यह निर्णय दोनों टीमों के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कार्यक्रम और शेड्यूल की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. साथ ही बीसीबी ने सितंबर 2026 में भारत का स्वागत करने की उम्मीद जताई थी और संशोधित कार्यक्रम बाद में जारी करने की बात कही थी. अब देखना यह होगा कि मौजूदा परिस्थितियों में बीसीसीआई इस प्रस्तावित सितंबर दौरे को लेकर क्या अंतिम फैसला लेता है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बयान के अनुसार वो आगामी सीजन में पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, भारत, ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज की द्विपक्षीय सीरीज के लिए मेजबानी करेगा. बीसीबी ने कहा कि यह तय कार्यक्रम बांग्लादेश में पूरे सीजन के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सुनिश्चित करता है, साथ ही फैन्स को अपने घर पर उच्च स्तरीय क्रिकेट देखने का मौका देगा.

मुस्ताफिजुर रहमान भी सुर्खियों में
इसी बीच बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान भी काफी सुर्खियों में आ चुके हैं. मुस्ताफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के लिए हुई मिनी नीलामी के दौरान 9.20 करोड़ रुपये में अपनी टीम से जोड़ा था. नीलामी के बाद केकेआर को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है. कुछ नेताओं और साधु-संतों ने मांग की है कि बांग्लादेशी खिलाड़ी के आईपीएल में भाग लेने पर प्रतिबंध लगाया जाए.

