ABC News: आईआईटी कानपुर में बीटेक अंतिम वर्ष के छात्र जयसिंह की सुसाइड मामले में यहां के प्रशासन पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं. अजमेर से कानपुर आए जय सिंह के परिजनों ने बैक पेपर क्यियर न होने की थ्योरी को पूरी तरह से गलत बताया है. जय के भाई और बहन का कहना है कि उसने अपना बैक पेपर क्लियर कर लिया था और काफी खुश था. हालांकि बातों-बातों में वह हर बार आईआईटी प्रशासन की तरफ से कोई फोन आने को लेकर सवाल किया करता था. इसी को लेकर परिजन इस बात की आशंका जता रहे हैं कि जय पर किसी तरह का बाहरी दबाव जरूर रहा होगा, जिसकी वजह से उसने आत्महत्या जैसा बड़ा कदम उठाया और वह पुलिस ने निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं.
जय सिंह मीणा की मौत के बाद देर रात कानपुर पहुंचे उसके भाई धर्मेंद्र सिंह मीणा और बहन डॉ. ज्योति मीणा ने बताया कि सुसाइड करने से एक दिन पहले उसने अपनी मां से फोन पर बात की थी. मां के गांव जाने की बात कहकर उन्हें अपने साथ चलने को कहा और मां का टिकट भी कैंसिल करा दिया था. इसके बाद सोमवार को जब उसके भाई ने उसे कॉल किया तो जब दो घंटे तक मोबाइल रिसीव नहीं हुआ तो धर्मेंद्र ने उसके दोस्तों को फोन किया. हॉस्टल में रहने वाला जय सिंह का एक दोस्त जब उसके रूम के पिछले भाग की तरफ पहुंचा और अंदर झांका तो जय उसे फंदे पर लटका दिखाई दिया. परिजनों का कहना है कि जय के ऊपर बैक पेपर क्लियर करने से लेकर किसी तरह का एकेडमिक दबाव नहीं था, बैक पेपर क्लियर होने की वजह से काफी खुश था और दीवाली के बाद अब वह घर आने वाला था,, बैक पेपर की वजह से उसने सोशल मीडिया तक छोड़ दिया था.
पोेस्टमॉर्टम हाउस में मौजूद परिजन बार बार यही बात करते रहे कि जब जय उनसे बातचीत करता था तो बातों बातों हर बार यही सवाल करता था कि आईआईटी से किसी का फोन तो नहीं आया. परिवार वालों का आरोप है कि जय डरा सहमा रहता था. जैसे उसके किसी का डर था. वह कहता था वे लोग बहुत पावरफुल हैं. जब वह पूरी तरह आश्वस्त होता था कि परिजनों के पास आईआईटी से फोन नहीं पहुंचा, तब कुछ रिलैक्स होता और फोन काट देता था. ऐसे में परिजन बाहरी दबाव होने से इनकार नहीं कर रहे हैं और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.

