ABC News: कानपुर में चल रही पॉकेट रेन के बीच शनिवार को जब सावन की पहली झमाझम बारिश हुई तो यह भी एक नई कहानी को लिख गई. इस बार बारिश तो पूरे शहर में हुई लेकिन जब उसके आंकड़े सामने आए, तो इसमें सीएसए यूनिवर्सिटी के पास जहां 35 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, वहीं, एयरफोर्स स्टेशन के पास 126.6 मिलीमीटर बारिश का आंकड़ा दर्ज किया गया.
शाम को जब बारिश के पूरे आंकड़े सामने आए तो इसको लेकर मौसम विशेषज्ञ भी हैरान नजर आए. उनका कहना है कि महज 12 किलोमीटर के एरिया में बारिश में इतना बड़ा अंतर चौंकाने वाला है. वहीं, सावन की पहली मूसलाधार बरसात का असर जबरदस्त तरीके से कानपुर में देखा गया.
भारी बारिश की वजह से कानपुर की अधिकतर सड़कें झील और तालाब में तब्दील नजर आयीं. सबसे ज्यादा जलभराव की शिकायतें साउथ सिटी से आयीं. यहां पर मुख्य मार्ग से लेकर गलियों तक हुए जलभराव ने आम आदमी की जिंदगी को मुश्किल में डाल दिया. साउथ सिटी में बारिश की वजह से साकेतनगर, किदवईनगर, जूही, सफेद कॉलोनी, गोविंदनगर, चावला मार्केट, रतनलालनगर समेत तमाम इलाकों में ऐसा पानी भरा कि दोपहर बाद तक हालात सामान्य नहीं हो सके.
टूटी सड़कों में पानी भरने की वजह से रास्ता भी खतरनाक हो गया. इसी तरह चकेरी कैलाशनगर, स्वर्ण जयंती विहार, जाजमऊ, गायत्री विहार समेत अन्य कई मोहल्लों में पानी भर गया.
कहीं—कहीं पर लोगों के घरों से लेकर दुकानों तक पानी भर गया. सावन की पहली झमाझम बारिश ने एक बार नगर निगम की नाला सफाई को सवालों के घेरे में रख दिया है.
बारिश की वजह से अधिकतर स्कूलों में रेनी डे घोषित कर दिया गया. पार्कों में मॉर्निंग वॉर्कर्स भी नदारद दिखे. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 48 घंटे तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा.

