ABC News: यूपी में अब 10 हजार रुपये से लेकर 25 हजार रुपये तक के भौतिक स्टांप वैध नहीं माने जाएंगे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में यह निर्णय लिया गया. इसके बाद अब 10 हजार से लेकर 25 हजार रुपये तक के स्टांप पत्र चलन से बाहर हो जाएंगे. अब इनके स्थान पर ई-स्टाम्प का उपयोग किया जाएगा. हालांकि, अधिसूचना जारी होने से पहले खरीदे गए पत्र 31 मार्च तक वापस किए जा सकेंगे या फिर प्रयोग किए जा सकेंगे.

लखनऊ के लोकभवन में सीएम योगी की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक हुई. योगी कैबिनेट की बैठक में 17 प्रस्ताव पास हुए हैं. कैबिनेट ने होली से पहले किसानों को तोहफा दिया है. गेहूं का रेट 150 रुपए बढ़ा दिया है. पिछली बार 2275 रुपए प्रति क्विंटल गेहूं खरीदे जा रहे थे. इसे बढ़ाकर 2425 रुपए कर दिया है. इसके अलावा 6500 गेहूं खरीद केंद्र भी खोले जाएंगे. कैबिनेट बैठक की जानकारी देते हुए वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा- बलिया में स्वतंत्रता सेनानी चित्तू पांडेय के नाम से मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा. जेल की 14 एकड़ भूमि चिकित्सा शिक्षा विभाग को दी जाएगी. सैफई मेडिकल कॉलेज में 300 बेड़ बढ़ाए जाएंगे. इसके लिए एक अरब 76 करोड़ रुपए दिए जाएंगे. हरदोई में गोपामऊ के पास महर्षि दधीच कुंड के आसपास पर्यटन विकास किया जाएगा. बुलंदशहर में नर्सिंग कॉलेज बनेगा. राजकीय कृषि विद्यालय की भूमि दी जाएगी. गोरखपुर इंडस्ट्रियल डेवलेपमेंट एरिया (प्रीपरेशन एंड फाइनलाइजेशन ऑफ प्लान ) रेगुलेशन 2025 के प्रस्ताव को मंजूरी. यमुना एक्सप्रेस-वे में जिन किसानों से जमीन ली गई है, कीमत बढ़ाकर उन्हें मुआवजा दिया जाएगा. यूपी के सात नगर निगम में स्मार्ट सिटी परियोजना को अगले 2 साल के लिए बढ़ा दिया गया है. राज स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत इनको आगे बढ़ाया जाएगा. इनमें गाजियाबाद, मेरठ, फिरोजाबाद, अयोध्या, मथुरा, वृंदावन, शाहजहांपुर और गोरखपुर शामिल हैं.

