ABC News: बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर हमला हुआ है. बताया जा रहा है कि सैफ अली खान पर बुधवार देर रात मुंबई में उनके घर पर चाकू से हमला किया गया. सैफ के गले, पीठ, हाथ, सिर पर चाकू लगा है. सैफ को रात 3 बजे लीलावती हॉस्पिटल लाया गया, जहां उनकी सर्जरी की गई. लीलावती अस्पताल के COO (चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर) डॉ. नीरज उत्तमानी ने बताया कि सैफ को छह बार चाकू घोंपा गया. उनमें से दो घाव गहरे हैं. एक घाव रीढ़ की हड्डी के पास लगा है. डॉ. नितिन डांगे (सर्जन), डॉ. लीना जैन (कंसल्टेंट प्लास्टिक सर्जन), डॉ. निशा गांधी (एनेस्थीसिया स्पेशलिस्ट), डॉ. कविता श्रीनिवास (इंटेसिविस्ट) और डॉ. मनोज देशमुख (कंसल्टेंट रेडियोलॉजिस्ट) उनका इलाज कर रहे हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो सैफ अली खान और करीना कपूर के घर में चोर घुस आया था और इस दौरान उसने एक्टर पर हमला कर दिया. इस घटना के बाद सैफ को तुरंत लीलावती अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. इस मामले में बांद्रा पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं. मुंबई पुलिस के साथ-साथ क्राइम ब्रांच भी मामले की तफ्तीश में जुट गई है. मिल रही जानकारी के मुताबिक जिस वक्त यह घटना हुई तब सैफ अली खान अपनी बीवी करीना कपूर और बच्चों तैमूर अली खान और जेह के साथ सो रहे थे. पुलिस के अनुसार चोर ने घर में घुसकर सैफ अली खान पर चाकू से हमला किया.
इस दौरान सभी घरवालों उठ गए और चोर भी मौके से फरार हो गया. खबरों की मानें तो इस घटना में करीना कपूर और उनके दोनों बच्चे पूरी तरह से सुरक्षित हैं वहीं सैफ अली खान का अस्पताल में इलाज चल रहा है. करीना कपूर या उनके परिवार की तरफ से मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है वहीं पुलिस भी शुरुआती जांच के बाद ही डिटेल जानकारी साझा करेगी. इस घटना के सामने आने के बाद हर कोई हैरान है और सभी लोग एक्टर की सलामती की दुआ कर रहे हैं.
वर्क फ्रंट की बात करें तो सैफ अली खान हाल ही में जूनियर एनटीआर के साथ फिल्म ‘देवरा: पार्ट 1’ में नजर आए थे. इस मूवी में उन्होंने नेगेटिव रोल निभाया था तो वहीं एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर फिल्म में जूनियर एनटीआर की प्रेमिका बनी थी. इससे पहले सैफ अली खान ओम राउत की फिल्म ‘आदिपुरुष’ में रावण के रोल में नजर आए थे

