ABC News: भारत में खुदरा महंगाई दर अगस्त 2026 में बढ़कर 4.82 प्रतिशत हो गई है. जुलाई में ये दर 4.45 प्रतिशत थी. बताया जा रहा है कि पिछले आठ महीनों में यह सबसे ज्यादा है. खाने-पीने की चीजों की बढ़ती कीमतों ने घरेलू बजट पर दबाव बनाए रखा और हेडलाइन महंगाई दर को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के मीडियम-टर्म टारगेट से और ऊपर पहुंचा दिया. सोमवार को जारी सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) के आंकड़ों के अनुसार, महंगाई में यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से खाद्य वस्तुओं की कीमतों में तेजी के कारण हुई है. अगस्त का आंकड़ा फिलहाल प्रोविजनल है.

खाद्य महंगाई को मापने वाला कंज्यूमर फूड प्राइस इंडेक्स (CFPI) अगस्त में बढ़कर 5.95 प्रतिशत हो गया, जबकि जुलाई में यह 5.52 प्रतिशत था. ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य महंगाई 6.13 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में 5.64 प्रतिशत रही है. ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में महंगाई बढ़ी है. ग्रामीण महंगाई जुलाई के 4.84 प्रतिशत से बढ़कर अगस्त में 5.23 प्रतिशत हो गई, जबकि शहरी महंगाई 3.96 प्रतिशत से बढ़कर 4.31 प्रतिशत पहुंच गई है. खाद्य वस्तुओं में कई उत्पादों की कीमतों में तेज वृद्धि दर्ज की गई है. प्याज की महंगाई दर 48.27 प्रतिशत रही, ये जुलाई में 22.54 प्रतिशत थी. वहीं, लहसुन की महंगाई 43.60 प्रतिशत पर पहुंच गई, जबकि जुलाई में ये 35.36 प्रतिशत थी. अदरक की कीमतों में भी भारी तेजी रही. अगस्त में अदरक की महंगाई दर 73.82 प्रतिशत रही. हालांकि, जुलाई के 83.57 प्रतिशत के मुकाबले इसमें कुछ कमी आई है. वहीं, चांदी के आभूषणों की महंगाई दर 107.11 प्रतिशत रही. सोने, हीरे और प्लैटिनम के आभूषणों की महंगाई दर 35.53 प्रतिशत दर्ज की गई. कुछ सब्जियों की कीमतें हालांकि पिछले साल की तुलना में कम रहीं. अगस्त में टमाटर की महंगाई -31.09 प्रतिशत और आलू की -13.14 प्रतिशत रही. भिंडी की कीमतों में 5.41 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. परवल/पटल और कुंदरू की कीमतें भी सालाना आधार पर 3.60 प्रतिशत कम रहीं.

खाद्य और पेय पदार्थों के अलावा भी कई श्रेणियों में महंगाई बढ़ी. पर्सनल केयर, सामाजिक सुरक्षा और विविध वस्तुओं एवं सेवाओं की महंगाई दर सबसे अधिक 15.17 प्रतिशत रही. इसके बाद रेस्तरां और आवास सेवाओं में 8.38 प्रतिशत, पान, तंबाकू और नशीले पदार्थों में 4.71 प्रतिशत तथा परिवहन में 4.60 प्रतिशत महंगाई दर्ज की गई. कपड़े और जूते-चप्पल की महंगाई 3.56 प्रतिशत, जबकि आवास, पानी, बिजली, गैस और अन्य ईंधन की महंगाई 2.61 प्रतिशत रही. स्वास्थ्य क्षेत्र में महंगाई अपेक्षाकृत कम 1.34 प्रतिशत रही है. परिवहन क्षेत्र में माल ढुलाई सेवाओं की महंगाई 14.64 प्रतिशत और निजी परिवहन साधनों के संचालन की महंगाई 7.40 प्रतिशत रही. हालांकि वाहनों की खरीद में 4.38 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में अगस्त में तेलंगाना में खुदरा महंगाई सबसे अधिक 6.27 प्रतिशत रही. इसके बाद दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव में 6.22 प्रतिशत महंगाई दर्ज की गई है. तमिलनाडु में महंगाई 5.92 प्रतिशत, पुडुचेरी में 5.85 प्रतिशत, मध्य प्रदेश में 5.55 प्रतिशत और आंध्र प्रदेश में 5.53 प्रतिशत रही है. बड़े राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में दिल्ली में महंगाई अपेक्षाकृत कम 2.61 प्रतिशत रही. पश्चिम बंगाल में यह 3.28 प्रतिशत और गुजरात में 4.94 प्रतिशत दर्ज की गई.

