ABC News: जम्मू-कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी में कई वर्षों का सूखा खत्म कर दिया है. उन्होंने रणजी ट्रॉफी 2025-26 के फाइनल में कर्नाटक को पछाड़ते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है. हुबली में हुए इस मैच में जम्मू-कश्मीर का दबदबा रहा और उन्होंने बल्ले से धमाल मचाया. मैच ड्रॉ रहा लेकिन जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में बढ़त हासिल कर ली थी. इसी के साथ उन्हें विजेता घोषित कर दिया गया. जम्मू-कश्मीर के लिए ये ऐतिहासिक मैच रहा है. 66 साल में पहली बार इस टीम ने रणजी ट्रॉफी जीती है.

रणजी ट्रॉफी 2025-26 के फाइनल में जम्मू-कश्मीर ने पहले बल्लेबाजी की. उन्होंने पहली पारी में 584 रन बनाए. शुभम पुंडीर ने 121 रन की शानदार पारी खेली. यावर हसन (88 रन), कप्तान पारस डोगरा (70 रन), अबुल समद (61 रन), कन्हैया वधावन (70 रन) और साहिल लोत्रा (72 रन) ने भी अपना योगदान दिया. जम्मू-कश्मीर ने बड़ी बढ़त बना ली थी. कर्नाटक की टीम शायद दबाव झेल नहीं पाई और 293 रन पर ऑलआउट हो गई. मयंक अग्रवाल ने 160 रन की बेहतरीन पारी खेली लेकिन उन्हें किसी अन्य प्लेयर का साथ नहीं मिला. जम्मू-कश्मीर के पास पहली पारी में बढ़त थी और नियमों के अनुसार फाइनल में अगर मैच ड्रॉ होता है, तो जिस टीम के पास पहली पारी में बढ़त होती है, उसे विजेता घोषित किया जाता है.

जम्मू-कश्मीर ने दूसरी पारी में 4 विकेट खोकर 342 रन बनाते हुए डिक्लेयर कर दिया. मैच ड्रॉ रहा और जम्मू-कश्मीर ने इसी के साथ ट्रॉफी पर कब्जा जमाया. आकिब नबी ने पूरे टूर्नामेंट में अपनी धमाकेदार गेंदबाजी से फैंस का दिल जीता. इस तूफानी तेज गेंदबाज ने 10 मैचों में 12.56 की शानदार औसत से गेंदबाजी करते हुए 60 विकेट अपने नाम किए. वो रणजी ट्रॉफी 2025-26 में सबसे अधिक विकेट झटकने वाले खिलाड़ी रहे. उन्होंने टूर्नामेंट में 7 बार फाइव विकेट हॉल अपने नाम किया. जम्मू-कश्मीर की जीत के बाद उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब सौंपा गया.

