ABC News: लंबी जद्दोजहद के बाद अंतत: यह तय हो गया है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट से इस्तीफा देंगे. कांग्रेस की करीब दो घंटे तक चली बैठक के बाद यह तय हुआ कि राहुल गांधी रायबरेली से सांसद बनें रहेंगे जबकि प्रियंका गांधी वाड्रा वायनाड सीट से चुनाव लड़ेंगी. गौरतलब हो कि प्रियंका गांधी वाड्रा पहली बार चुनावी मैदान में उतरेंगी.
राहुल गांधी जी रायबरेली की सीट से सांसद रहेंगे.
— Congress (@INCIndia) June 17, 2024
वे वायनाड से भी चुनाव लड़े, वहां के लोगों का प्यार भी उन्हें मिला है. इसलिए हमने यह तय किया कि वायनाड से श्रीमती प्रियंका गांधी जी चुनाव लड़ेंगी.
: कांग्रेस अध्यक्ष श्री @kharge pic.twitter.com/A2iIr77MkB
सोमवार को कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर बैठक की और राहुल गांधी की संसदीय सीट को लेकर फैसला किया. बैठक के बाद खरगे ने कहा कि राहुल गांधी वायनाड सीट छोड़ेंगे और रायबरेली अपने पास रखेंगे. इसके बाद प्रियंका गांधी वाड्रा वायनाड लोकसभा सीट से कांग्रेस की उम्मीदवार होंगी. इस मीटिंग में सोनिया गांधी के साथ राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल भी शामिल हुए. बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा कि मैं इस फैसले से बहुत खुश हूं. वायनाड का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गर्व की बात होगी. मैं एक अच्छा प्रतिनिधि बनने की कोशिश करुंगी. रायबरेली से मेरा पुराना रिश्ता है और मैंने रायबरेली और अमेठी के लिए काफी काम किया है. मैं भैया की मदद रायबरेली में भी करुंगी. हम दोनों वायनाड और रायबरेली में एक-दूसरे की मदद भी करेंगे.
रायबरेली और वायनाड से मेरा भावनात्मक रिश्ता है।
— Congress (@INCIndia) June 17, 2024
पिछले 5 साल मैं वायनाड से सांसद था। मुझे वहां सभी ने बहुत प्यार दिया। इसके लिए मैं सभी का दिल से धन्यवाद देता हूं।
प्रियंका, वायनाड से चुनाव लड़ेंगी। हम मिलकर वायनाड से किए हर वादे को पूरा करेंगे।
: @RahulGandhi जी pic.twitter.com/jqa59zigfH
राहुल गांधी ने कहा कि रायबरेली और वायनाड दोनों सीटों के लोगों से मेरा भावुक नाता है. उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों में मैं वायनाड का सांसद था. मुझे वहां की जनता ने बहुत प्यार दिया. इसके लिए मैं उनका धन्यवाद करता हूं. उन्होंने कहा कि मेरे लिए ये आसान फैसला नहीं था.

