ABC News: कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 30 अप्रैल को कानपुर आएंगे. इस दौरान वह सबसे पहले पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी के हाथीपुर स्थित घर जाकर परिजनों से मिलेंगे. यहां पर वह शुभम द्विवेदी को अपनी श्रद्धांललि भी अर्पित करेंगे.
बताया जा रहा है कि राहुल गांधी स्पेशल फ्लाइट से होते हुए रायबरेली से कानपुर पहुंचेंगे. राहुल गांधी चकेरी एयरपोर्ट पर शाम करीब सवा 4 बजे स्पेशल फ्लाइट से लैंड करेंगे. एयरपोर्ट पर वह कांग्रेस पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे. शुभम के घर पर राहुल गांधी करीब आधा घंटा का वक्त बिताएंगे. आपको बता दें कि शुभम द्विवेदी के परिजन उसे शहीद का दर्जा देने की मांग लगातार कर रहे हैं. ऐसे में माना जा रहा है कि वह अपनी मांग को राहुल गांधी के सामने भी रखेंगे. कांग्रेस नगर ग्रामीण जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला ने बताया कि राहुल गांधी का दौरा प्रस्तावित है. शुभम के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना और श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे.

