ABC News: कानपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने सीएसए पहुंचकर यहां पर तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डीएम, पुलिस कमिश्नर समेत अन्य अफसरों के साथ पहले रैली स्थल पर चल रही तैयारियों को देखा. इसके बाद सीएसए के सभागार में अफसरों के साथ बैठक की.
यहां पर अफसरों ने प्रजेंटेशन के जरिए बताया कि किन किन योजनाओं का पीएम मोदी के हाथों लोकार्पण और शिलान्यास होना है. कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था से लेकर पार्किंग, सफाई व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा व्यवस्था को लेकर भी सीएम योगी को यहां पर जानकारी दी गई. सीएम योगी आदित्यनाथ ने अफसरों को तैयारियों में किसी तरह की कोताही न बरतने के निर्देश दिए. बैठक में सीएम योगी ने पार्किंग की व्यवस्था बेहतर तरीके से कराने के निर्देश दिए. पीएम के आगमन के दौरान कहीं भी जाम न लगने को भी कहा गया. सीएम ने कहा कि किसी भी सूरत में लोगों को असुविधा नहीं होनी चाहिए. इस दौरान मेट्रो के अधिकारियों को सीएम ने निर्देश दिए कि वह श्रमिकों, सेवानिवृत कर्मचारियों, अधिकारियों, सफाई कर्मचारी, स्कूल के मेधावी छात्र-छात्राओं, पार्षदों व अन्य सरकारी और गैर सरकारी संगठनों के लोगों को कभी – कभी मेट्रो की फ्री यात्रा इवेंट के रूप में करवाएं, जिससे लोगों को यह बताया जा सके कि मेट्रो पब्लिक ट्रांसपोर्ट का सबसे अच्छा साधन है. इसके अलावा 30 मई को पार्टी पदाधिकारियेां और जनप्रतिनिधियों को नगर निगम के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान चलाने को कहा.
तिरंगा यात्रा निकालते हुए पहुंचेंगे जनप्रतिनिधि
पीएम मोदी की जनसभा में आपरेशन सिंदूर भी छाया रहेगा. इसको लेकर सीएम योगी ने सभी जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिए हैं कि वह तिरंगा यात्रा निकालते हुए भारत के शौर्य और पराक्रम का गुणगान करें. इस दौरान सीएम योगी ने स्पष्ट तौर पर निर्देश दिए कि यह तिरंगा यात्रा पूरी राष्ट्रीयता की भावना के साथ निकाली जाए, किसी तरह की अनर्गल नारेबाजी इसमें नहीं होगी. वहीं सुरक्षा को लेकर ट्रैफिक प्लान, इमरजेंसी प्लान तैयार रखने को कहा. इसके अलावा एंटी ड्रोन व्यवस्था को चाक चौबंद करने के निर्देश दिए.
खुर्जा, ओबरा और जवाहरपुर थर्मल पावर प्लांट का भी होगा लोकार्पण/ शिलान्यास
सीएसए में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुर्जा सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट की एक यूनिट, ओबरा थर्मल पावर प्लांट की दो यूनिट एवं जवाहरपुर थर्मल पावर स्टेशन की दो यूनिटों का लोकार्पण/शिलान्यास पीएम नरेंद्र मोदी से कराने जाने की जानकारी दी. मुख्यमंत्री ने इस पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि तीन पॉवर प्लांट की पांच इकाइयों के शुरू होने से इसका लाभ प्रदेश के लोगों को मिलेगा.
थर्मल पावर प्लांट की विशेषताएं
खुर्जा सुपर थर्मल पावर प्लांट (बुलंदशहर)
ऊर्जा उत्पादन: 1320 मेगावाट
प्रकार: कोयला आधारित सुपरक्रिटिकल पावर प्लांट
संबंधित कंपनी: टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड
ओबरा थर्मल पावर स्टेशन (सोनभद्र)
ऊर्जा उत्पादन: 1660 मेगावाट
प्रकार: थर्मल पावर स्टेशन
संबंधित कंपनी: उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड
जवाहरपुर थर्मल पावर स्टेशन (एटा)
ऊर्जा उत्पादन: 1320 मेगावाट.
प्रकार: सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर स्टेशन.
संबंधित कंपनी: जवाहरपुर विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड

