ABC News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में आज नया इतिहास रच दिया है. मोदी ने कुल 8,931 दिन सरकार के मुखिया के रूप में पूरे कर लिए हैं, जिसमें उनका गुजरात के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल शामिल है. यह सफर 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुआ था, जो आज 2026 में प्रधानमंत्री के तीसरे कार्यकाल के साथ एक नए शिखर पर पहुंच गया है. इससे पहले यह रिकॉर्ड पवन कुमार चामलिंग के नाम था, जिन्होंने सिक्किम के मुख्यमंत्री के तौर पर 8,930 दिन तक पद संभाला था. यह उपलब्धि कई मायनों में महत्वपूर्ण है.

बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी ने 7 अक्तूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। वह लंबे समय तक इस पद पर बने रहे और अपने कार्यकाल में कभी चुनाव नहीं हारे. साल 2014 में प्रधानमंत्री पद के लिए नाम सामने आने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया. गुजरात के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने 2014 में लोकसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल कर प्रधानमंत्री पद संभाला. इसके बाद 2019 और 2024 में भी उन्होंने लगातार जीत दर्ज की. खास बात यह है कि अपने पूरे राजनीतिक करियर में उन्होंने अब तक कोई बड़ा चुनाव नहीं हारा है. पीएम मोदी की यह उपलब्धि केवल अंकों का खेल नहीं है, बल्कि मोदी के प्रशासनिक कौशल और जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है. इस रिकॉर्ड के साथ उनके नाम कई और उपलब्धियां भी जुड़ी हैं. मोदी देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिनके पास मुख्यमंत्री के रूप में 12 साल से अधिक का लंबा जमीनी अनुभव रहा है. वे स्वतंत्रता के बाद पैदा होने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने सत्ता के शीर्ष तक का सफर तय किया. साल 2014, 2019 और फिर 2024—लगातार तीन लोकसभा चुनावों में जीत हासिल कर उन्होंने अपनी लोकप्रियता को साबित किया है. वे गुजरात के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले मुख्यमंत्री भी रहे हैं.

