ABC News: ‘महाभारत’ में कर्ण के किरदार का निभाकर घर-घर में अपनी पहचान बनाने वाले अभिनेता पंकज धीर अब हमारे बीच नहीं रहे. उनका 68 साल की उम्र में निधन हो गया. उनके निधन की खबर से पूरे मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई है. इस दुखद खबर की जानकारी ‘महाभारत’ में ही अर्जुन का किरदार निभाने वाले अभिनेता फिरोज खान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर दी है. उन्होंने बताया पंकज का निधन 15 अक्तूबर (बुधवार) सुबह 11:30 बजे हुआ. बताया जा रहा है, कि लंबे समय से वो कैंसर से पीड़ित थे.

पंकज धीर को उनकी शानदार अभिनय क्षमता और दमदार आवाज के लिए जाना जाता था, लेकिन 1988 के ऐतिहासिक धारावाहिक ‘महाभारत’ में निभाए गए कर्ण के चरित्र ने उन्हें अमर बना दिया. उनके इस किरदार को इतनी लोकप्रियता मिली कि देश के कई हिस्सों में उनकी मूर्तियों की पूजा भी की जाती थी. उन्होंने ‘सड़क’, ‘सोल्जर’ और ‘बादशाह’ जैसी कई फिल्मों में भी काम किया और टीवी पर भी लगातार सक्रिय रहे. उनके बेटे, निकितिन धीर भी एक जाने-माने अभिनेता हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिनेता पंकज धीर के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार आज मुंबई के विले पार्ले स्थित पवनहंस श्मशान घाट पर कुछ ही देर में किया जाएगा. उनके परिवार और करीबी दोस्तों के साथ-साथ सिनेमा जगत के कई बड़े सितारे उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए श्मशान घाट पहुंच रहे हैं. पंकज धीर का जाना भारतीय टेलीविजन के एक युग का अंत है. उनके चाहने वाले और दर्शक उन्हें हमेशा ‘दानवीर कर्ण’ के रूप में याद रखेंगे.

बेटा और बहू भी हैं एक्टर
दरअसल पंकज धीर के बेटे निकितन धीर भी बॉलीवुड एक्टर हैं. जो कई फिल्मों का हिस्सा रह चुके हैं. निकितन ने ‘जोधा अकबर’ और ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ में जबरदस्त काम किया था. वहीं उनकी बहू कृतिका सेंगर भी एक्ट्रेस हैं, जो टीवी में काफी काम कर चुकी हैं.

