ABC News: सपा के पीडीए सम्मेलन में पिछले दिनों नगर अध्यक्ष और दोनों विधायकों के बीच हुए विवाद के बाद आज जब लखनऊ में पार्टी मुखिया अखिलेश यादव के सामने सभी की पेशी हुई, तो उन्होंने इस विवाद को लेकर काफी नाराजगी जताई. सीसामऊ जैसी अहम सीट पर प्रदेश अध्यक्ष के सामने जिस तरह से विवाद हुआ, उसको लेकर सपा मुखिया काफी नाराज नजर आए.

बैठक में शामिल पार्टी नेताओं के अनुसार, सपा मुखिया ने सीधे तौर पर कहा कि उपचुनाव पार्टी की प्रतिष्ठा का सवाल है. ऐसे में जिस तरह से इस तरह का विवाद सामने आया है. उससे मतदाताओं के मन में बेहतर छवि नहीं गई होगी. बैठक में उन्होंने नगर अध्यक्ष फजल महमूद और विधायक अमिताभ बाजेपयी और मो. हसन रूमी को दो टूक कहा कि अब किसी प्रकार का विवाद सामने नहीं आना चाहिए. सपा मुखिया ने स्थानीय नेताओं से कहा कि वह कानपुर जाकर एकजुटता के साथ नसीम सोलंकी को चुनाव लड़ाए और किसी तरह से मीडिया में बयानबाजी नहीं होनी चाहिए. सपा नेताओं की डिमांड पर अखिलेश यादव ने चुनाव प्रचार के दौरान कानपुर आने का भी भरोसा दिया है. इस बीच, सपा मुखिया से मुलाकात के बाद नगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद ने अपनी फेसबुक पोस्ट में अखिलेश यादव का जय जयकार कर यह जरूर जताने की कोशिश की कि लखनऊ में हुई पंचायत में किसका पलड़ा भारी रहा होगा.

