ABC News: सलमान खान के एक बयान से पाकिस्तान परेशान हो गया है. हाल ही में सऊदी अरब में सलमान खान ने ऐसा बयान दिया कि वह पाकिस्तान को नागवार गुजरा. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इसके बाद पाकिस्तान ने सलमान खान को आतंकी घोषित कर दिया है.

हाल ही में सऊदी अरब की राजधानी रियाद में ‘जॉय फोरम 2025’ नाम से एक कार्यक्रम आयोजित हुआ. सलमान खान ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया था. उनके साथ मंच पर शाहरुख खान और आमिर खान भी थे. इस कार्यक्रम में मध्य पूर्व में भारतीय सिनेमा की बढ़ती लोकप्रियता पर बातचीत हो रही थी. कार्यक्रम में सलमान खान ने मध्य पूर्व खास तौर से सऊदी अरब में काम करने वाली दक्षिण एशियाई कम्युनिटी के बारे में बात की थी. उन्होंने कहा था ‘ये बलूचिस्तान के लोग हैं, अफगानिस्तान के लोग हैं, पाकिस्तान के लोग हैं, हर कोई सऊदी अरब में मेहनत से काम कर रहा है. सलमान का यही बयान पाकिस्तान को पसंद नहीं आया. सलमान खान ने अपने बयान में बलूचिस्तान को पाकिस्तान से अलग इलाका बताया. इससे पाकिस्तान नाराज है. दरअसल बलूचिस्तान में लंबे समय से बलूच अलगाववादी आंदोलन चल रहा है.वह अपनी स्वतंत्र पहचान चाहते हैं. हालांकि पाकिस्तान इसे अपनी संप्रभुता के खिलाफ मानता है. सलमान के इस बयान के बाद पाकिस्तान में विवाद हो रहा है. बताया जाता है कि पाकिस्तान की सरकार ने इस बयान को राष्ट्रीय अखंडता के खिलाफ खतरा बताया है.
अभी नहीं हुई पुष्टि
हालांकि इंडिया टुडे ने लिखा है कि नासिर अजीम नाम के एक सोशल मीडिया यूजर ने 16 अक्तूबर, 2025 को एक कथित अधिसूचना जारी की. इसमें कहा गया है कि सलमान खान को ‘आजाद बलूचिस्तान सूत्रधार’ के नाम से सूची में जोड़ा गया है. इसकी प्रामाणिकता अभी तक सत्यापित नहीं हुई है और किसी भी विश्वसनीय पाकिस्तानी मीडिया संस्थान या सरकारी स्रोत ने इस तरह की किसी भी कार्रवाई की सूचना या पुष्टि नहीं की है.

