ABC News: वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर में सेना की कार्रवाई के बारे में जानकारी दी है. बंगलूरू में वायुसेना प्रमुख ने कहा कि भारत की वायु रक्षा प्रणाली एस-400 ने पाकिस्तान के पांच लड़ाकू और एक बड़ा विमान मार गिराया. हमारी वायु रक्षा प्रणालियों ने शानदार काम किया है. इसमें एस-400 एक गेम-चेंजर साबित हुआ. उस प्रणाली की रेंज ने वास्तव में पाकिस्तान के विमानों को दूर रखा. पाकिस्तान के विमान हमारी वायुरक्षा प्रणाली को भेदने में सक्षम नहीं थे.

उन्होंने बताया कि S-400 ने पाकिस्तान के F-16 फाइटर जेट को जकोकाबाद एयरबेस पर मार गिराया, जो वहां पार्क में थे. एविएशन के इतिहास में पहली बार किसी मिसाइल ने आसमान में 300 किलोमीटर दूर किसी विमान (दुश्मन के विमान को) मार गिराया. बेंगलुरु में आयोजित 16वें वार्षिक एयर चीफ मार्शल एलएम कात्रे व्याख्यान में बोलते हुए एपी सिंह ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ इस जीत में रूसी S-400 एयर डिफेंस सिस्टम का अहम योगदान रहा. एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने बहावलपुर स्थित जैश-ए-मोहम्मद मुख्यालय पर हमले की सैटेलाइट तस्वीरें दिखाते हुए कहा, “यह पहले और बाद की तस्वीरें हैं… यहां लगभग कोई अवशेष नहीं बचा है… आस-पास की इमारतें लगभग पूरी तरह सुरक्षित हैं. हमारे पास न सिर्फ सैटेलाइट फोटो थे, बल्कि स्थानीय मीडिया के जरिए भी अंदर की तस्वीरें मिलीं.’ऑपरेशन सिंदूर को लेकर वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने कहा, ‘यह एक उच्च तकनीक वाला युद्ध था. 80 से 90 घंटे के युद्ध में हम इतना नुकसान कर पाए कि उन्हें साफ पता चल गया था कि अगर वे इसे जारी रखेंगे तो उन्हें इसकी और भी अधिक कीमत चुकानी पड़ेगी इसलिए वे आगे आए और हमारे DGMO को संदेश भेजा कि वे बात करना चाहते हैं. हमारी ओर से इसे स्वीकार कर लिया गया.’ उन्होंने कहा कि इसके अलावा शाहबाज जैकबाबाद हवाई अड्डे पर भी हमला किया गया. यहां एक F-16 हैंगर का आधा हिस्सा नष्ट हो गया. मुझे लगता है कि हैंगर के अंदर भी कुछ विमान थे जो क्षतिग्रस्त हो गए हैं. हमने मुरीदके और चकलाला जैसे कम से कम दो कमांड और कंट्रोल सेंटर पर भी हमला किया. इसमें छह रडार नष्ट कर दिए गए. इसके अलावा हमें AEW&C हैंगर में कम से कम एक AEW&C और कुछ F-16 विमानों के होने के संकेत मिले हैं, जिनका वहां रखरखाव चल रहा था. उनको भी नष्ट कर दिया गया.वायुसेना प्रमुख ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में हमारी सफलता का प्रमुख कारण राजनीतिक इच्छाशक्ति का होना था. हमें बहुत स्पष्ट निर्देश दिए गए थे. हम पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाए गए थे. अगर कोई बाधा थी तो वह स्व-निर्मित थी. हमने तय किया कि कितना आगे बढ़ना है. हमें योजना बनाने और उसे लागू करने की पूरी आजादी थी. हमने सोच-समझकर हमले किए थे क्योंकि हम इसे लेकर आश्वस्त होना चाहते थे. तीनों सेनाओं के बीच समन्वय था… सीडीएस के पद ने वास्तव में अंतर पैदा किया. वह हमें एक साथ लाने के लिए मौजूद थे. एनएसए ने भी सभी एजेंसियों को एक साथ लाने में बड़ी भूमिका निभाई.

7 मई की रात भारत ने की थी एयरस्ट्राइक
भारत ने 7 मई को पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था, जिसमें पीओके और पाकिस्तान में मौजूद नौ आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया गया था. भारतीय सेनाओं के इस ऑपरेशन में 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए थे. भारत की ओर से यह कार्रवाई पहलगाम में हुए आंतकी हमले के विरोध में की गई थी, जिसमें 26 पर्यटकों की मौत हो गई थी. ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने दावा किया था कि पाक आर्मी ने भारत के कई फाइटर जेट मार गिराए और उन्हें मजबूर होकर पाकिस्तान से भागने को मजबूर किया. हालांकि बाद में वो अपने बयान से पलट गए और कहा कि भारत के फाइटर जेट हमारी सीमा में नहीं घुसे थे.

