ABC News: रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने अल्फ्रेड नोबेल की स्मृति में आर्थिक विज्ञान में 2025 का स्वेरिग्स रिक्सबैंक पुरस्कार यानी अर्थशास्त्र के नोबेल पुरस्कार का एलान कर दिया है. इस वर्ष यह पुरस्कार जोएल मोकिर, फिलिप अघियन और पीटर हॉविट को ‘नवाचार-संचालित आर्थिक विकास की व्याख्या करने के लिए’ दिया गया है. पुरस्कार का आधा हिस्सा मोकिर को ‘तकनीकी प्रगति के माध्यम से सतत विकास के लिए आवश्यक शर्तों की पहचान करने के लिए’ और शेष आधा हिस्सा अघियन और हॉविट को ‘रचनात्मक विनाश के माध्यम से सतत विकास के सिद्धांत के लिए’ संयुक्त रूप से दिया जाएगा.
BREAKING NEWS
— The Nobel Prize (@NobelPrize) October 13, 2025
The Royal Swedish Academy of Sciences has decided to award the 2025 Sveriges Riksbank Prize in Economic Sciences in Memory of Alfred Nobel to Joel Mokyr, Philippe Aghion and Peter Howitt “for having explained innovation-driven economic growth” with one half to Mokyr… pic.twitter.com/ZRKq0Nz4g7
आर्थशास्त्र के नोबेल विजेताओं का कहां से नाता?
जोएल मोकिर अमेरिका के नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी से जुड़े हैं. वहीं, फिलिप अघियन फ्रांस के कॉलेज डी फ्रांस और INSEAD और ब्रिटेन के द लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस से ताल्लुक रखते हैं. पीटर हॉविट अमेरिका के ब्राउन यूनिवर्सिटी से संबंध रखते हैं. इन्हें सतत विकास के लिए स्थितियों की पहचान करने के लिए वर्ष 2025 के लिए आर्थशास्त्र के नोबेल पुरस्कार से नवाजा गया है. नोबेल समिति ने बताया कि मोकिर ने “यह प्रदर्शित किया कि यदि नवाचारों को एक स्व-उत्पादक प्रक्रिया में एक-दूसरे का उत्तराधिकारी बनाना है, तो हमें न केवल यह जानना होगा कि कोई चीज कैसे काम करती है, बल्कि हमें यह भी जानना होगा कि ऐसा क्यों होता है.” अघियन और हॉविट ने सतत विकास के पीछे के तंत्र का भी अध्ययन किया. इसमें 1992 का एक लेख भी शामिल है, जिसमें उन्होंने रचनात्मक विनाश नामक गणितीय मॉडल का निर्माण किया. इसमें बताया गया कि जब एक नया और बेहतर उत्पाद बाजार में प्रवेश करता है, तो पुराने उत्पाद बेचने वाली कंपनियां नुकसान में आ जाती हैं. आर्थिक विज्ञान पुरस्कार समिति के अध्यक्ष हैस्लर ने कहा, “पुरस्कार विजेताओं का काम दर्शाता है कि आर्थिक विकास को हल्के में नहीं लिया जा सकता. हमें रचनात्मक विनाश के मूल तंत्र को बनाए रखना होगा, ताकि हम फिर से गतिरोध में न फंस जाएं.”
जानिए अर्थशास्त्र के नोबेल पुरस्कार के बारे में
अर्थशास्त्र में नोबेल अब तक 99 व्यक्तियों को दिया गया है.
अर्थशास्त्र के लिए नोबेल पुरस्कार 1968 में शुरू किया गया.
आर्थिक विज्ञान में यह पुरस्कार 1969 से अब तक 56 बार प्रदान किया जा चुका है.
आर्थिक विज्ञान में पुरस्कार पाने वाली सबसे कम उम्र की व्यक्ति एस्तेर डुफ्लो थीं, जिनकी आयु 46 वर्ष थी.
आर्थिक विज्ञान में पुरस्कार पाने वाले सबसे बुजुर्ग व्यक्ति 90 वर्ष की आयु में लियोनिद हर्विक्ज थे.
अर्थशास्त्र में नोबेल मेमोरियल प्राइज के आयोजनकर्ता रॉयल स्वीडिश सोसाइटी की ओर से इसके विजेता या विजेताओं के नाम का एलान किया गया. पिछले वर्ष का पुरस्कार तीन अर्थशास्त्रियों- डेरॉन ऐसमोग्लू, साइमन जॉनसन और जेम्स ए. रॉबिन्सन को दिया गया था. उन्होंने इस बात का अध्ययन किया था कि कुछ देश अमीर क्यों हैं और अन्य गरीब क्यों हैं. उन्होंने अपनी शोध में यह बताया था कि अधिक स्वतंत्र, खुले समाजों के समृद्ध होने की अधिक संभावना होती है.

