ABC News: टेस्ट इतिहास में जो भारत के साथ कभी नहीं हुआ, वह न्यूजीलैंड के साथ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में हो गया. रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम इंडिया के नाम वह शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हुआ है, जो घर पर खेलते हुए भारत के साथ कभी नहीं हुआ. होम कंडीशन में खेलते हुए पहली बार भारत का किसी टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप हुआ है. न्यूजीलैंड की टीम ने भारत को वानखेड़े टेस्ट में 25 रनों से हरा दिया. दूसरी पारी में न्यूजीलैंड के स्पिनर एजाज पटेल ने छह विकेट झटके. टेस्ट की दोनों पारियों में एजाज पटेल ने 11 विकेट झटके.

गौरतलब हो कि टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में भारत ने अब तक 65 टेस्ट सीरीज खेली हैं. इसमें उसे 37 टेस्ट सीरीज में जीत मिली. इसमें पांच सीरीज ऐसी रहीं, जिसमें भारत ने सभी टेस्ट जीते लेकिन न्यूजीलैंड के साथ हुई इस टेस्ट सीरीज में भारत ने सभी तीन टेस्ट मैच हारकर शर्मनाक रिकॉर्ड बनाया है. भारत अपने घर में दो या इससे ज्यादा मैचों की टेस्ट सीरीज में दूसरी बार क्लीन स्वीप हुआ है. इससे पहले फरवरी 2000 में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को दो मैचों की सीरीज में 2-0 से हराया था. वहीं, भारत अपने घर में तीन या इससे ज्यादा मैचों की टेस्ट सीरीज में पहली बार क्लीन स्वीप हुआ है. न्यूजीलैंड की टीम ने इतिहास रच दिया. न सिर्फ उन्होंने पहली बार भारत में टेस्ट सीरीज जीती, बल्कि टीम इंडिया को क्लीन स्वीप भी किया.

न्यूजीलैंड ने भारत को 12 साल बाद अपने घर में टेस्ट सीरीज हारने पर मजबूर किया और साथ ही घर में लगातार 18 सीरीज जीतने का सिलसिला भी तोड़ा. खास बात तो यह रही कि न्यूजीलैंड की केन विलियम्सन के बिना यह टेस्ट सीरीज खेली है. साथ ही टॉम लाथम पहली बार टीम की कमान संभाल रहे थे. इन सबके बावजूद उन्होंने कोई कसर नहीं छोड़ी.

मुंबई में वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 235 रन बनाए थे. जवाब में भारतीय टीम पहली पारी में 263 रन पर ऑलआउट हो गई. भारत को 28 रन की बढ़त मिली थी. इसके जवाब में न्यूजीलैंड की दूसरी पारी 174 रन पर खत्म हुई. भारत के सामने 147 रन का टारगेट था। जवाब में टीम 121 रन पर ऑलआउट हो गई.

