ABC News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार को सपा मुख्यालय में सपा मुखिया अखिलेश यादव की मौजूदगी में नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने सपा का दामन थाम लिया. बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस में रह चुके नसीमुद्दीन के साथ कुल सात नेताओं ने समाजवादी पार्टी ज्वाइन की है.

समाजवादी पार्टी में शामिल होने पर पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव से मेरे पुराने रिश्ते हैं. मैं उनकी बहुत इज्जत करता हूं. उन्होंने कहा कि हम उनके बताए रास्ते पर चलेंगे और 2027 में अखिलेश यादव को सीएम बनाने को लेकर सभी की निगाह चिड़िया की आंख की तरफ है. आपको बता दें कि नसीमुद्दीन सिद्दीकी कद्दावर नेता माने जाते हैं. इससे पहले बसपा की सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं. उनका राजनीतिक अनुभव और पकड़ पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मजबूत मानी जाती है. कांग्रेस छोड़ने के बाद प्रदेश या केंद्रीय नेतृत्व ने उनके जाने पर किसी भी तरह की टिप्पणी नहीं की थी. वहीं, नसीमुद्दीन सिद्दीकी के सपा में आने के बाद पार्टी को एक मजबूत मुस्लिम चेहरा मिल गया है. आजम खां के लगातार जेल में रहने के बाद पार्टी के पास जमीनी रूप से जुड़ा ऐसा कोई चेहरा नहीं था. राजनीतिक जानकारों के अनुसार इससे सपा को कुछ लाभ हो सकता है. नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद कहा कि समाजवाद और समाजवादी पार्टी का आपस में अटूट संबंध है. उन्होंने सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे देश की दशा को सुधारने वाले और नई दिशा देने वाले नेता रहे थे. मैं हमेशा उनसे प्रभावित रहा हूं. उन्होंने कहा कि भले ही मैं किसी पार्टी में रहा हूं, मैंने हमेशा नेताजी का सम्मान किया है. नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने इस मौके पर शायराना अंदाज में कहा कि ‘हयात लेके चलो, कायनात लेके चलो। चलो तो सारे जमाने को साथ ले के चलो.’ उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ऐसे ही नेता हैं, जो सभी समाज को लेकर चल रहे हैं. नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी से जो भी नेता सपा में शामिल हुए हैं, उन्हें मैं बता दूं कि सपा में आज से सभी हमारे वरिष्ठ हैं. हम लोग उनसे जूनियर हैं. उन्होंने कहा कि 15,718 लोग सपा में शामिल हो रहे हैं. फूल बाबू, बाबू सिंह कुशवाहा आदि सभी लोगों के साथ हम लोग पहले काम कर चुके हैं. अब एक बार फिर साथ में काम करेंगे.
