ABC News: कानपुर की सीसामऊ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव को जीतने के बाद पहली बार नव निर्वाचित विधायक नसीम सोलंकी अपने पति इरफान सोलंकी से मिलने महाराजगंज जेल पहुंची. यहां पर नसीम के साथ उनकी दोनों बेटियां, विधायक अमिताभ बाजपेयी और मो. हसन रूमी भी रहे.

जैसे ही जेल के अंदर नसीम और इरफान मिले, दोनों एक दूसरे को देखकर रो पड़े. मुलाकात के बाद जेल से बाहर आयीं नसीम सोलंकी ने कहा कि उनके पति काफी भावुक हो गए थे. इरफान सोलंकी ने उनसे कहा है कि वनखंडेश्वर मंदिर जरूर जाना और कोई काम हो तो जरूर करवाना. उन्होंने कहा कि हिंदू भाई जब भी वहां बुलाये, जरूर जाना. पूरे क्षेत्र में एक समान रूप से विकास कार्य कराना.

वहीं, विधायक मो. हसन रूमी ने कहा कि इरफान ने मुलाकात के दौरान कहा कि उन्हें अदालत पर पूरा यकीन. जिस तरह जनता ने नसीम को जिताया, उसको लेकर भी उन्होंने धन्यवाद जताया है. उन्होंने कहा कि जनता ने उनकी बेगुनाही का सबूत दे दिया है. इसके साथ ही नसीम को विधानसभा में विकास कार्य कराने को भी कहा है. भावुकता के इन्हीं पलों मेें इरफान सोलंकी ने अपनी दोनों बेटियों से भी मुलाकात की. इस दौरान कानूनी लड़ाई को और तेज गति से लड़ने की बात भी दोनों विधायकों ने की.

