ABC News: एशिया कप ट्रॉफी विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. इसका सबसे बड़ा कारण एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के प्रमुख मोहसिन नकवी की जिद है. पहले उन्होंने खिताब विजेता भारत की ट्रॉफी चोरी कर एसीसी मुख्यालय में रखवाई, अब खबर आई है कि उन्होंने ट्रॉफी यहां से भी हटा दी और अबु धाबी में कहीं रखवा दी है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, न्यूज एजेंसी ANI ने खुलासा किया है कि कुछ दिन पहले एक BCCI अधिकारी एसीसी के ऑफिस पहुंचा था, उसे पता चला कि ट्रॉफी को अबू धाबी में कहीं रखा गया है. ANI के हवाले से बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया कि कुछ दिन पहले एक बीसीसीआई अधिकारी ACC के दफ्तर पहुंचा था. जब उसने एसीसी के ऑफिस में ट्रॉफी के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की, तब उसे पता चला कि ट्रॉफी को यहां से ले जाया जा चुका है. ट्रॉफी अब अबू धाबी में कहीं है और मोहसिन नकवी के पास है. इसी महीने की शुरुआत में PCB और ACC के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने कहा था कि भारतीय टीम अगर ट्रॉफी लेना चाहती है, तो वो ACC के ऑफिस आ जाए और ट्रॉफी ले जाए. उसके बाद उन्होंने एक ट्रॉफी प्रेजेंटेशन सेरेमनी करवाने की पेशकश भी की थी. नकवी का कहना था कि प्रेजेंटेशन में उन्हीं के हाथों टीम इंडिया को ट्रॉफी दी जाएगी. बता दें कि, विवाद की शुरुआत तब हुई जब भारत ने नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था. भारत की पांच विकेट से जीत के बाद पोस्ट-मैच सेरेमनी करीब 90 मिनट तक टली रही. इस दौरान एक अधिकारी मंच से ट्रॉफी हटाकर उसे मैदान से बाहर ले गया, जिससे हड़कंप मच गया.

