ABC News: अपने तीन दिवसीय प्रवास पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सर संघ चालक मोहन भागवत कानपुर पहुंच गए हैं. दोपहर में अहिरवां एयरपोर्ट पर पहुंचे आरएसएस चीफ मोहन भागवत का यहां पर संघ के पदाधिकारियों ने स्वागत किया. एयरपोर्ट के बाहर आते समय संघ प्रमुख सुरक्षा के घेरे में रहे.
इसके बाद यहां से भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मोहन भागवत को नवाबगंज स्थित दीनदयाल उपाध्याय विद्यालय लाया गया. आपको बता दें कि मोहन भागवत का पिछले करीब दो महीने के अंदर कानपुर में यह दूसरा दौरा है. इससे पहले वह संघ के प्रांत कार्यालय भवन का लोकार्पण करने के लिए यहां पर आए हुए थे. बताया जा रहा है कि दीनदयाल उपाध्याय विद्यालय के अलावा मेहरबान सिंह का पुरवा में चल रहे प्रशिक्षण वर्ग में भी संघ प्रमुख जाएंगे और संघ कार्यकर्ताओं के बीच वह अपना उद्बोधन देंगे. इसके अलावा पंच परिवर्तन पर भी वह चर्चा करेंगे. नौ जून को वह ट्रेन से पटना रवाना हो जाएंगे. इन सबके बीच संघ प्रमुख के आते ही जहां पर प्रशिक्षण वर्ग चल रहे हैं. वहां पर सुरक्षा व्यवस्था को काफी सख्त कर दिया गया है. डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह यहां पर खुद सुरक्षा व्यवस्था की मॉनीटरिंग करते हुए नजर आए.

