ABC News: फर्रुखाबाद जिले में शनिवार को एक कोचिंग सेंटर में अचानक हुए विस्फोट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. यह घटना थाना कादरीगेट क्षेत्र के सातनपुर मंडी रोड स्थित एक भवन में हुई. विस्फोट इतना तेज था कि बिल्डिंग की छत समेत कई हिस्से उड़ गए और आसपास के मकानों की खिड़कियों के शीशे भी टूट गए. धमाके के बाद कोचिंग सेंटर में भगदड़ मच गई.
जानकारी के अनुसार, सातनपुर मंडी रोड पर स्थित कटियार कोल्ड स्टोरेज के निकट द सन क्लासेज लाइब्रेरी व कोचिंग सेंटर संचालित है. शनिवार दोपहर करीब 3.30 बजे इसके बाहर जोरदार विस्फोट हो गया. धमाका इतना तेज था कि जिस भवन में कोचिंग सेंटर संचालित था वह हिल गया. भवन में रखा फर्नीचर, बाहर लगा टीनशेड, खंभा आदि गिर गए. टीनशेड में खड़ी बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं.
आसपास रखे लकड़ी के खोखों में नुकसान हुआ. धमाका होते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई. घटना में 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई. कोचिंग पढ़ रही छात्रा व पांच छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए. लोगों ने अन्य घायलों को डा. राममनोहर लोहिया अस्पताल भेजा. यहां पर हालत गंभीर होने पर दो छात्रों को रेफर कर दिया गया. बताया जा रहा है कि इनमें से एक छात्र ने कानपुर ले जाते समय कमालगंज के निकट दम तोड़ दिया.
वहीं, घटना में घायल अन्य छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने लोहिया अस्पताल पहुंचकर घायल बच्चों से जानकारी ली.घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया. सिटी मजिस्ट्रेट संजय बंसल, सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय ने फोर्स के साथ मौके पर जांच की.
बताया जा रहा है कि मौके पर बारूद जैसी गंध आ रही थी. वहीं सेप्टिक टैंक फटने की भी आशंका जताई गई.धमाके के कारणों को तलाशा जा रहा है.

