ABC News: इंटरनेट पर आज दोपहर अचानक कई लोकप्रिय वेबसाइट्स और एप्स ने काम करना बंद कर दिया. बताया जा रहा है कि Cloudflare में मंगलवार को एक बड़ी तकनीकी दिक्कत आई, जिसकी वजह से दुनिया भर में कई वेबसाइटें डाउन हो गईं. इसकी पुष्टि कंपनी के ऑफिशियल स्टेटस पेज पर भी हुई.

कंपनी ने कारण स्पष्ट नहीं किया है, लेकिन डाउन होने के समय चिली के सैंटियागो (SCL) डेटा सेंटर में शेड्यूल्ड मेंटिनेंस भी चल रहा था. अगर आपको भी ‘500 Error’ या ‘Something Went Wrong’ जैसे मैसेज दिख रहे हैं, तो इसकी वजह क्लाउडफ्लेयर में आया एक बड़ा आउटेज है. दुनिया भर के यूजर्स X, जेमिनी, पर्प्लेक्सिटी और कई अन्य प्लेटफॉर्म्स पर लॉगिन या कंटेंट लोड नहीं कर पा रहे हैं. क्लाउडफ्लेयर ने अपनी स्टेटस पेज पर कहा कि वे तकनीकी गड़बड़ी की जांच कर रहे हैं जो कई ग्राहकों को प्रभावित कर रही है. कंपनी के अनुसार, “वाइडस्प्रेड 500 एरर आ रहे हैं, साथ ही क्लाउडफ्लेयर डैशबोर्ड और API भी ठीक से काम नहीं कर रहे. पूरी स्थिति समझने और समस्या को ठीक करने पर काम जारी है.” सबसे ज्यादा परेशानी एलन मस्क की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के यूजर्स को हो रही है. हजारों लोगों ने बताया कि एप और वेबसाइट दोनों पर फीड ब्लैंक दिख रही है और ‘Something Went Wrong’ या पेज रिफ्रेश करने का मैसेज आ रहा है. आउटेज ट्रैकिंग वेबसाइट डाउनडिटेक्टर में भी दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन कुछ यूजर्स का कहना है कि इस प्लेटफॉर्म ने भी थोड़ी देर के लिए एरर दिखाया था. लोगों के अनुसार, डाउनडिटेक्टर खोलने पर क्लाउडफ्लेयर नेटवर्क का ‘Internal Server Error’ दिख रहा था. उधर OpenAI ने अपनी वेबसाइट पर पुष्टि की है कि ChatGPT और उसके कुछ अन्य प्लेटफॉर्म्स भी डाउन हैं. कंपनी फिलहाल मामले की जांच कर रही है, हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि समस्या क्लाउडफ्लेयर आउटेज से जुड़ी है या नहीं.

