ABC News: पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर कई बड़े नेता उनके आवास पर अंतम दर्शन के लिए पहुंचे हैं. गृह मंत्रालय ने देश भर में सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी. उन्होंने उनके परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त की.

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को अंतिम श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के घर जाकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए.

पीएम मोदी ने मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए अपने शोक संदेश में कहा कि पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का जीवन देशवासियों के लिए प्रेरणा स्त्रोत रहा. एक अर्थशास्त्री के रूप में उन्होंने अलग-अलग स्तर पर भारत सरकार में सेवाएं दीं. उन्होंने रिजर्व बैंक के गवर्नर के रूप में सेवाएं दीं. पूर्व पीएम पीवी नरसिम्हा राव की सरकार में वित्त मंत्री रहे और देश में आर्थिक उदारीकरण की नींव रखी. जनता के प्रति, देश के विकास के प्रति उनका जो समर्पण था, उसे हमेशा बहुत सम्मान से देखा जाएगा. डॉ. मनमोहन सिंह का जीवन ईमानदारी, सादगी का प्रतीक था. उनकी सौम्यता, बौद्धिकता उनके जीवन की पहचान रही. मुझे याद है, जब राज्यसभा में उनका कार्यकाल समाप्त हुआ था तो मैंने कहा था कि उनका बतौर सांसद समर्पण सीखने लायक है.

उच्च पदों पर रहने के बावजूद अपनी जड़ों को कभी नहीं भूले. वे सभी के लिए सहज उपलब्ध रहे. जब मैं मुख्यमंत्री था तो मनमोहन सिंह के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर खुले मन से चर्चा होती थी. दिल्ली आने के बाद भी उनसे समय-समय पर चर्चा होती थी, वो चर्चाएं और मुलाकातें मुझे हमेशा याद रहेंगी. आज इस कठिन घड़ी में मैं उनके परिवार के प्रति संवेदानाएं अर्पित करता हूं. वहीं, कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने बताया कि आज शाम साढ़े पांच बजे कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक होगी, जिसमें कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य, स्थायी और विशेष आमंत्रित लोग पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. कल सुबह आठ बजे मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर को आम जनता के दर्शनों के लिए कांग्रेस मुख्यालय ले जाया जाएगा. इसके बाद साढ़े आठ बजे से लेकर साढ़े नौ बजे तक अंतिम दर्शन होंगे और फिर पार्थिव शरीर को अंतिम यात्रा पर ले जाया जाएगा.

इससे पहले, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए.

