ABC News: फिल्मों और वेब सीरीज की पायरेसी पर केंद्र सरकार ने सख्ती दिखाते हुए टेलीग्राम को नोटिस जारी किया है. सरकार ने मैसेजिंग प्लेटफॉर्म से फिल्मों और OTT कंटेंट की गैरकानूनी शेयरिंग पर तुरंत रोक लगाने और 15 दिनों के भीतर जवाब देने को कहा है. माना जा रहा है कि यदि कंपनी प्रभावी कार्रवाई नहीं करती, तो भारत में मुफ्त में फिल्में और वेब सीरीज साझा करने वाले टेलीग्राम चैनलों पर स्थायी रूप से प्रतिबंध लगाया जा सकता है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बताया जा रहा है कि नोटिस में टेलीग्राम से कहा गया है कि वो अपने प्लेटफ़ॉर्म पर पायरेटेड फ़िल्मों और OTT कंटेंट के बड़े पैमाने पर फैलने के मामले में तुरंत कार्रवाई करे. नोटिस के मुताबिक, सूचना और प्रसारण मंत्रालय (I&B) ने टेलीग्राम से कहा है कि वो उन चैनलों और ग्रुप्स के ख़िलाफ़ तेज़ी से कार्रवाई करे जो कॉपीराइट वाले कंटेंट को बिना इजाज़त के फैला रहे हैं, इनमें OTT प्लेटफ़ॉर्म पर मौजूद फ़िल्में और वेब सीरीज़ शामिल हैं. ये नोटिस ऑनलाइन पायरेसी और भारत के एंटरटेनमेंट इकोसिस्टम पर इसके असर को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच जारी किया गया है. निर्देश के मुताबिक, टेलीग्राम से कहा गया है कि वो पायरेटेड कंटेंट को शेयर करने से रोकने के लिए असरदार उपाय करे और कॉपीराइट उल्लंघन के लिए प्लेटफॉर्म के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए अपने सिस्टम को मजबूत करे. कंपनी से ये भी कहा गया है कि वो मंत्रालय के निर्देशों का पालन करने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देते हुए 15 दिनों के तय समय के अंदर एक डिटेल्ड रिपोर्ट सौंपे. सरकार का ये कदम भारत की क्रिएटर इकोनॉमी को सुरक्षित करने और मीडिया और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़े सभी लोगों- जैसे फिल्ममेकर्स, ब्रॉडकास्टर्स, OTT प्लेटफॉर्म, प्रोड्यूसर्स, डिस्ट्रीब्यूटर्स और दूसरे अधिकार रखने वालों के हितों की रक्षा करने के मकसद से उठाया गया है.

