ABC News: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सिकंदराराऊ कस्बे के फुलरई गांव में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया. यहां भोले बाबा का सत्संग चल रहा था. बताया गया है कि सत्संग समाप्त होने के बाद यहां से जैसे भी भीड़ निकलना शुरू हुई तो भगदड़ मच गई. इस भगदड़ में महिलाएं और बच्चे बुरी तरह कुचलते चले गए. मौके पर चीख-पुकार मच गई. हादसे में फिलहाल 90 लोगों की मौत की सूचना मिल रही है, हालांकि इसकी अधिकाधिक पुष्टि नहीं हुई है. घायलों को मेडिकल कॉलेज एटा भेजा गया है. एटा के सीएमओ उमेश कुमार ने हादसे में 27 लोगों की मौत की पुष्टि की है. हाथरस, डीएम आशीष कुमार ने हादसे में 50 से 60 लोगों के मरने की पुष्टि की है. उनका कहना है कि अभी भी मृतकों की संख्या के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. सीएम योगी ने भी हादसे का संज्ञान लिया है.

एटा के एसएसपी राजेश कुमार सिंह के मुताबिक जिस वक्त भगदड़ हुई उस समय हाथरस जिले के सिकंदराराऊ कस्बे में धार्मिक आयोजन चल रहा था. एटा अस्पताल में अब तक 27 शव आ चुके हैं, जिनमें 23 महिलाएं, तीन बच्चे और एक पुरुष शामिल हैं. अभी घायल अस्पताल नहीं पहुंचे हैं. आगे की जांच की जा रही है. इन 27 शवों की पहचान की जा रही है. हादसे को अपनी आंखों से देखने वाली युवती ने बताया कि सत्संग में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी हुई थी.

सत्संग समाप्त हुआ उसके बाद लोग वहां से जाने लगे. इसी दौरान निकलने की जल्दी में भगदड़ मच गई. लोग एक दूसरे को देख ही नहीं रहे थे. महिलाएं और बच्चे गिरते चले गए. भीड़ उनके ऊपर से दौड़ रही थी. कोई बचाने वाला नहीं था. चारों ओर चीख-पुकार मची हुई थी. हाथरस में भोले बाबा के सत्संग के दौरान भगदड़ के दौरान कई लोग घायल हुए हैं. सभी को उपचार के लिए एटा मेडिकल कॉलेज लाया गया है. एटा मुख्य चिकित्सा अधिकारी उमेश त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी नगर विक्रांत द्विवेदी, कोतवाली नगर अरुण पवार सहित तमाम पुलिस प्रशासन के अधिकारी मेडिकल कॉलेज में मौजूद हैं.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस में हुए हादसे का संज्ञान लिया.
जनपद हाथरस की दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 2, 2024
मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।
संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों के युद्ध स्तर पर संचालन और घायलों के समुचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार में मा.…
सीएम योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है साथ ही घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है. मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए.
#WATCH लखनऊ, उत्तर प्रदेश: हाथरस भगदड़ | उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संदीप सिंह ने कहा, "हमें मुख्यमंत्री द्वारा हाथरस घटना स्थल पर पहुंचने और मामले को देखने और सरकार की ओर से आवश्यक निर्णय लेने के निर्देश दिए गए हैं। मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है…" pic.twitter.com/1yOffekhqE
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 2, 2024
उन्होंने एडीजी आगरा और कमिश्नर अलीगढ़ के नेतृत्व में घटना के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं. सीएम योगी के निर्देश के बाद सरकार के दो वरिष्ठ मंत्री और मुख्य सचिव के साथ डीजीपी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं.

