ABC News: राजधानी दिल्ली के हरीनगर में शनिवार को बारिश के दौरान दीवार गिरने से हादसा हो गया. जैतपुर थाना स्थित हरीनगर के बाबा मोहन राम मंदिर के पास समाधि स्थल की दीवार गिर गई है. जिसके नीचे करीब आठ लोग दब गए थे.खबर है कि इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई है. वहीं एक घायल है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है.

बताया जा रहा है कि सुबह 9.30 बजे के करीब समाधि स्थल की लगभग 100 फुट लंबी दीवार अचानक गिर गई जिसकी चपेट में पास की कई झुग्गियां आ गईं. मलबे के नीचे से 8 लोगों को रेस्क्यू कर एम्स ट्रामा सेंटर और सफदरजंग हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. इलाज के दौरान 7 लोगों की मौत हो गई. मौके पर दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ की टीम तैनात हैं. झुग्गियों और दीवार के नीचे सर्च किया जा रहा है कि कोई और तो नहीं दबा हुआ है. मृतकों में तीन पुरुष, दो महिल और दो लड़कियां शामिल हैं. सभी की पहचान कर ली गई है. मृतकों के नाम रुबीना (25 वर्ष), डॉली (25 वर्ष), रुखसाना (6 वर्ष) और हसीना (7 वर्ष) शामिल हैं. वहीं, एक घायल हिशबुल है जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है. मौके पर पहुंचे डीसीपी साउथ ईस्ट हेमंत तिवारी ने बताया कि जैसे ही मामले की सूचना मिली, 5 से 7 मिनट में लोकल पुलिस मौके पर पहुंच गई. लोगों की मदद से और जेसीबी बुलाकर वहां से लोगों को निकाला गया. दो अलग-अलग हॉस्पिटल में इन्हें भेजा गया. मौके पर और विभागों की टीम भी पहुंची.

