ABC News: मशहूर लोक गायिका मैथिली ठाकुर मंगलवार को बीजेपी में शामिल हो गईं. बिहार बीजेपी के चीफ दिलीप जायसवाल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई. सूत्रों के मुताबिक, मैथिली को बिहार की अलीनगर विधानसभा सीट से बीजेपी का टिकट मिलना तय माना जा रहा है. इससे पहले चर्चा थी कि बेनीपट्टी सीट से उन्हें टिकट मिल सकता है. लेकिन जब बीजेपी ने पहली लिस्ट जारी की तो उसमें उनका नाम शामिल नहीं था.

इतना ही नहीं, बीजेपी मैथिली ठाकुर के सोशल मीडिया पर बड़े फैन बेस और मिथिला क्षेत्र में उनकी लोकप्रियता को देखते उन्हें अपने प्रचार अभियान का चेहरा भी बना सकती है. अगर मैथिली ठाकुर को टिकट मिलता है, तो यह पहली बार होगा जब बिहार की लोक-संस्कृति से जुड़ी कोई प्रसिद्ध गायिका सीधे राजनीतिक मैदान में उतरेंगी. मैथिली ठाकुर के अलावा भभुआ से आरजेडी के विधायक भरत बिंद ने भी बीजेपी की सदस्यता ली. इस मौके पर बिहार बीजेपी के चीफ दिलीप जायसवाल ने कहा कि विपक्ष हताशा में है. विपक्ष डिप्रेशन में है. उन्होंने कहा कि विपक्ष मीडिया में कुछ से कुछ शिगूफा देना का प्रयास करता है. लेकिन शिगूफा तो शिगूफा होता है. बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने की अटकलों पर लोक एवं भजन गायिका मैथिली ठाकुर ने कहा कि आपने मुझसे एक फोटो के बारे में सवाल पूछा था, तो मैंने कहा कि जो आदेश होगा, मैं वही करूंगी। उन्होंने आगे कहा कि चुनाव लड़ना मेरा लक्ष्य नहीं है, मेरी पार्टी जो भी कहेगी, मैं वही करूंगी.

कौन हैं मैथिली ठाकुर?
मैथिली बिहार की फेमस सिंगर हैं. वो दरभंगा की रहने वाली हैं. मैथिली लोक संगीत के लिए वो जानी जाती हैं. विदेश में भी मैथिली कॉन्सर्ट करती हैं. 25 साल की सिंगर मिथिला संस्कृति के लिए फेमस हैं. बचपन से मैथिली को गाने का शौक है. वो प्लेबैक सिंगर हैं. क्लासिकल म्यूजिक में उनकी ट्रेनिंग हुई है. मैथिली ने कई भाषाओं में गाने गाए हैं. उनके पिता रमेश ठाकुर और मां भारती ठाकुर मैथिली म्यूजिशियन हैं. दोनों बतौर म्यूजिक टीचर काम करते हैं. मैथिली के दो भाई हैं. वो भी संगीत की दुनिया में अपना करियर बना रहे हैं. सभी बच्चों को उनके दादा और पिता ने संगीत की तालीम दी है. तीनों भाई बहनों को हिंदुस्तानी क्लासिक म्यूजिक के अलावा हारमोनियम और तबला बजाने की भी ट्रेनिंग दी गई है.

