ABC News: एसआईआर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कानपुर में वोटर लिस्ट का अंतिम प्रकाशन हो गया है,,, इसी के साथ कानपुर की दस विधानसभाओं में मतदाताओं का आंकड़ा भी सामने आया है. मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद अब कानपुर की दस विधानसभाओं में मतदाताओं की संख्या 28,51,060 पर पहुंच गई है. इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 15,35,294 तथा महिला मतदाताओं की संख्या 13,15,656 है. इसके अलावा थर्ड जेंडर के 110 मतदाता भी शामिल हैं. डीएम ने बताया कि छह जनवरी को मतदाता सूची के ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद करीब इस लिस्ट में करीब ढाई लाख मतदाता और बढ़े हैं.

जिला निर्वाचन अधिकारी और डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने इसको लेकर शुक्रवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की और उन्हें अंतिम प्रकाशित वोटर लिस्ट के बारे में भी बताया. मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद सबसे ज्यादा मतदाता जहां महाराजपुर विधानसभा में हैं, वहीं सबसे कम सीसामऊ विधानसभा में हैं. इसमें महाराजपुर विधानसभा में सबसे ज्यादा 3,69,379 मतदाता जबकि सीसामऊ विधानसभा में सबसे कम 2,12,940 मतदाता हैं. इसके अलावा बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र में 3,40,950, बिठूर विधानसभा क्षेत्र में 3,44,036, कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र में 2,64,636, गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र में 2,57,330, आर्य नगर विधानसभा क्षेत्र में 2,21,779, किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र में 2,73,355, कानपुर कैंट विधानसभा क्षेत्र में 2,69,396 तथा घाटमपुर विधानसभा क्षेत्र में 2,97,259 मतदाता हैं.

23919 दिव्यांग और 38,053 नए मतदाता
मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद दिव्यांग और नए मतदाताओं के साथ विभिन्न आयुवर्ग के मतदाताओं का आंकड़ा भी सामने आया है. सूची के अनुसार, जनपद में कुल 23 919 दिव्यांग मतदाता हैं. इनमें 15,186 पुरुष मतदाता तथा 8731 महिला मतदाता हैं, जबकि 2 दिव्यांग श्रेणी के मतदाता थर्ड जेंडर से संबंधित हैं.

इसी प्रकार आयु के अनुसार 18-19 आयु वर्ग के 38,053, 20-84 आयु वर्ग के 27,99,560 तथा 85+ आयु वर्ग के 13,447 मतदाता हैं. बताया गया कि दिनांक 27 अक्टूबर 2025 से 1 अप्रैल 2026 तक कुल 2,38,204 फॉर्म-6, 27,097 फॉर्म-7, तथा 76636 फॉर्म-8 स्वीकृत किए गए.

