ABC News: कानपुर प्रीमियर लीग के चौथे मुकाबले में पहली बार हाई स्कोरिंग मैच देखने को मिला. यहां पर कानपुर प्राइम इंडियंस गोविंदनगर ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जेके कैंट स्पार्टंस को सात विकेट से करारी शिकस्त दी. कानपुर प्राइम इंडियंस के बल्लेबाज फैज अहमद, शौर्य सिंह और विशाल पांडेय के शानदार प्रदर्शन ने जेके कैंट स्पार्टंस के बल्लेबाज अलमास शौकत की पारी को फीका कर दिया.

ग्रीनपार्क में केपीएल का चौथा मुकाबला हाई स्कोरिंग वाला रहा. जिसमें पहले खेलते हुए जेके कैंट स्पार्टंस ने चार विकेट के नुकसान पर 189 रन बनाए. जेके कैंट स्पार्टंस की तरफ से अलमास शौकत ने शानदार 83 रन की पारी खेली. अपनी पारी में उन्हों छह चौके और छह छक्के जड़े. इससे पहले जेके कैंट टीम के कप्तान मानिक बेरी दूसरे दिन भी फ्लॉप रहे और छह रन पर रन आउट हो गए. इसके बाद पारी के तीसरे ओवर में अमन चौहान बिना खाता खोले कैच आउट हो गए.

10वें ओवर में बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे बृजेंद्र (24) भी बोल्ड होकर पवेलियन लौट गए. इसके बाद अलमास का साथ भव्य तिवारी और यशोवर्धन सिंह ने दिया.भव्य तिवारी (35) स्टंप आउट हो गए जबकि यशोवर्धन सिंह ने 34 रनों की नाबाद पारी खेली. जवाब में खेलने उतरी कानपुर प्राइम इंडियंस गोविंदनगर के बल्लेबाज फैज अहमद और विशाल पांडेय ने शानदार शुरूआत दी और पहले विकेट के लिए 90 रनों की साझेदारी को अंजाम दिया. इसमें फैज अहमद जहां 66 रन बनाकर आउट हुए, वहीं, विशाल पांडेय ने 38 रन बनाए. पहला विकेट गिरने के बाद आए सत्यम दीक्षित भी 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.इसके बाद शौर्य सिंह और केपीएल के सबसे महंगे प्लेयर कृतय कुमार सिंह ने कानपुर प्राइम इंडियंस गोविंदनगर को विजयी बनाया. शौर्य 40 और कृतज्ञ 19 रन बनाकर नाबाद रहे.

मैच की समाप्ति पर फैज अहमद को प्लेयर आफ द मैच और बेस्ट बॉलर का पुरस्कार मिला, जबकि शौर्य सिंह को फील्डर आफ द मैच और जेके कैंट स्पार्टंस के अलमास शौकत को फाइटर आफ द मैच का पुरस्कार मिला. वहीं, केपीएल के चौथे मैच में पूर्व भारतीय क्रिकेटर चेतन शर्मा ने अपनी कमेंट्री से सभी को अपना मुरीद बना दिया.

