ABC News: ग्रीनपार्क में चल रही कानपुर प्रीमियर लीग में प्रतियोगिता का छठा मुकाबला आरएलएल गंगा बिठूर और टीएसएच ब्लास्टर्स आर्यनगर के बीच हुआ. इस मैच में आरएलएल गंगा बिठूर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज की. गंगा बिठूर की जीत में बल्लेबाज शुभम चौधरी और गेंदबाजी में अनमोल पांडेय हीरो रहे.

इससे पहले गंगा बिठूर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 181 रन बनाए. गंगा बिठूर की तरफ से शुभम चौधरी ने सबसे ज्यादा 73 रन बनाए. शुभम ने अपनी पारी में चार चौके और पांच गगनचुंबी छक्के लगाए. इसके अलावा राहुल सिंह ने 21, अमन यादव ने 22, प्रशांत चौधरी ने 36, कप्तान प्रशांत अवस्थी ने 20 रनों की पारी खेली. जवाब में खेलने उतरी टीएसएच ब्लास्टर्स की शुरूआत ही खराब रही. पारी के दूसरे ओवर में ही विराट जायसवाल ने टीएसएच ब्लास्टर्स आर्यनगर के ओपनर अंश तिवारी को पवेलियन भेज दिया. दूसरे ओपनर हर्षित रिटायर्ड आउट हो गए. इसके बाद टीएसएच के बल्लेबाज टिक कर नहीं खेल पाए और नियमित अंतराल में उनके विकेट गिरते रहे. गंगा बिठूर के गेंदबाजों ने ऐसा कहर बरपाया कि टीएसएच ब्लास्टर्स की पूरी टीम 19 ओवर में 108 रनों पर आल आउट हो गई. गंगा बिठूर की तरफ से अनमोल पांडेय ने चार, अनुज पाल ने दो और प्रशांत चौधरी, विराट जायसवाल व सौरभ सिंह ने एक एक विकेट लिया.

सलमान खान के डुप्लीकेट ने जीता दिल
मैच के बाद ग्रीनपार्क में आए सलमान खान के डुप्टीकेट ने सभी का दिल जीत लिया. सलमान खान के डुप्लीकेट के साथ यहां पर केपीएल आयोजन से जुड़े लोगों ने भी फोटो खिंचाई, इसके अलावा दर्शकों में भी उसका क्रेज देखने को मिला.

इसके अलावा इंडियन आईडल विजेता वैभव गुप्ता ने भी अपने सुरों से समां बांधा.

