ABC News: कानपुर में दृश्यम फिल्म जैसा हूबहू कांड हकीकत में सामने आया. दरअसल, चार महीने पहले कारोबारी की पत्नी को अगवा करने वाले जिम ट्रेनर ने न केवल उसकी हत्या की, बल्कि अति सुरक्षित माने जाने वाले डीएम आवास के ठीक बगल में गड्ढा खोदकर उसका शव भी गाड़ दिया. चार महीने से गायब चल रहा जिम ट्रेनर देर रात पुलिस की गिरफ्त में आया और इसके बाद जैसे ही उसने पूरी घटना का राजफाश किया तो एकबारगी पुलिस अफसर भी हैरत में पड़ गए.

आपको बता दें कि सिविल लाइंस में स्थित ग्रीनपार्क स्टेडियम के जिम ट्रेनर विमल सोनी ने कारोबारी राहुल गुप्ता की पत्नी एकता गुप्ता को अपहरण किया था. एकता को वह अपनी कार में बैठाकर ले गया था, इस घटना से जुड़े कुछ सीसीटीवी वीडियो भी कारोबारी ने पुलिस को दिए थे लेकिन पुलिस ने मामले को उस गंभीरता से नहीं लिया. मामले में जब परिजनों ने जमकर हंगामा किया और उच्च अधिकारियों से दबाव पड़वाया तो एफआईआर दर्ज की गई. इसके बाद से जिम ट्रेनर और महिला के फोन स्विच आफ हो गए. पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी जिम ट्रेनर ने बताया कि हत्या के बाद वह पंजाब भाग गया. उसने बताया कि दृश्यम और दृश्यम टू देखकर उसने हत्या का प्लान बनाया था. 24 जून को एकता को जैसे ही उसने अपने तिलक के बारे में बताया, वैसे ही वह भड़क उठी और भला-बुरा कहने लगी. आवेश में आकर पहले उसने उसे मुक्का मारा, एकता के बेहोश होने पर उसने गला कसकर उसकी हत्या दी. इसके बाद कार की पिछली सीट को तोड़ दिया. इसके बाद उसे डीएम कंपाउंड स्थित आफीसर्स क्लब ले गया और वहां पर गड्ढा खोदकर शव दफना दिया. पुलिस ने जब यहां पर देर रात खुदाई करके शव निकलवाया तो वह काफी गल गया था.

कानपुर के सभी जिम ट्रेनरों की अब पुलिस करेगी जांच
कारोबारी की पत्नी की अगवा कर हत्या के मामले में बार बार एक ही सवाल उठ रहा है कि किस तरह जिम ट्रेनर महिला के शव को लेकर अति सुरक्षित माने जाने वाले डीएम कंपाउंड तक पहुंच गया और किसी को इस बात की भनक तक नहीं लगी. डीएम आवास के गेट से सटी दीवार के ठीक बगल में आठ फीट से ज्यादा गहरा गड्ढा तक खोद दिया लेकिन किसी को जरा सी आवाज तक नहीं आयी. जबकि जिलाधिकारी आवास से सटे ऑफिसर्स क्लब और उसके आसपास बने सरकारी आवासों में न्यायिक और प्रशासनिक अफसर परिवार के साथ रहते हैं.पुलिस की पूछताछ में इस बात का भी खुलासा हुआ था कि ग्रीनपार्क में जिम ट्रेनर के तौर पर तैनाती के दौरान वह कई अधिकारियों को भी ट्रेनिंग देता था. जिससे अफसरों तक उसकी पहुंच हो गई. एडिशनल पुलिस कमिश्नर हरीश चंदर का कहना है कि आफीसर्स क्लब की चाभी भी कभी कभी आरोपी जिम ट्रेनर विमल सोनी के पास रहती थी. इसके बावजूद बड़ा सवाल यह है कि शव वहां तक कैसे पहुंचा और किसी की नजर उस पर कैसे नहीं पहुंची. डीएम आवास के मुख्य गेट के ठीक बगल में स्थित दीवार के किनारे आफीसर्स क्लब की जमीन पर करीब छह सात फीट नीचे पुलिस को शव बरामद हुआ. यह वह स्थान है, जहां 24 घंटे पुलिस तैनात रहती है. सवाल यह है कि आखिर विमल ने कैसे इतना गहरा गड्ढा खोदकर शव उसमें गाड़ा होगा. बहरहाल, इस मामले में शुरूआत से ही लापरवाही बरत रही पुलिस इस घटना के वर्कआउट में मेहनत करने का दावा कर रही है. यही नहीं, अब कानपुर के सभी जिम के ट्रेनर भी जांच के दायरे में आ गए हैं, एडिशनल पुलिस कमिश्नर हरीश चंदर का कहना है कि सभी जिम ट्रेनरों की जांच अब करायी जाएगी.

चार फीट की खुदाई तक नहीं आ रही थी दुर्गंध
कारोबारी की पत्नी को अगवा करने के बाद हत्या के मामले में देर रात जब पुलिस ने आफीसर्स क्लब में खुदाई कराई, तो एकता का शव करीब आठ फुट नीचे गहराई में मिला. एडिशनल पुलिस कमिश्नर हरीश चंदर का कहना है कि शुरूआत चार फीट तक किसी तरह की दुर्गंध नहीं आ रही थी, इसके बाद जब और खुदाई कराई गई तो दुर्गंध आने लगी. इसके बाद एकता के पति राहुल ने टी शर्ट पर लगे स्टीकर और उसके बालों से शिनाख्त की. एकता की हत्या की बात के बाद पूरा परिवार काफी सदमे में है. एकता का जहां पर ससुराल है, उस सोसाइटी में भी सुबह से सन्नाटा छाया रहा. इन सबके बीच अभी तक इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है, जिसमें पूर्व में कारोबारी राहुल गुप्ता ने जेवर नकदी के साथ पत्नी के गायब होने का आरोप लगाया था. इसको लेकर कई सारे सवाल हैं, जिनका जवाब अभी तक पुलिस के पास नहीं है. इस बीच एडिशनल पुलिस कमिश्नर हरीश चंदर का कहना है कि मामले में जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल की जाएगी और केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलवाने की कोशिश होगी.

परिजनों ने निष्पक्ष जांच की सीएम योगी से लगाई गुहार
एकता गुप्ता के अपहरण के बाद उसकी हत्या और फिर डीएम आवास के बगल में उसका शव गाड़ने की जिम ट्रेनर के कबूलनामे के बावजूद परिजन पुलिस के खुलासे से संतुष्ट नहीं है. पोस्टमॉर्टम हाउस में मौजूद एकता के पति राहुल गुप्ता और अन्य परिजन बार बार एक ही बात कर रहे हैं कि एक आदमी हत्या तो कर सकता है लेकिन डीएम आवास के बगल तक कार लेकर जाना और फिर इतना गहरा गड्ढा खोदना अकेले आदमी के बस की बात नहीं है. पुलिस के खुलासे पर भी परिजन तमाम सवाल खड़े कर रहे हैं. एकता के पति राहुल गुप्ता का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच चाहते हैं, अगर जरूरत हो, तो उसकी सीबीआई जांच कराई जाए, परिजनों ने सीएम योगी से भी निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई है.

