ABC News: कानपुर के भैरव घाट पर चाचा के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए युवक की गंगा में डूब गया. बताया जा रहा है कि अंतिम संस्कार के बाद वह घाट किनारे गंगा में नहाने गया था. इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसला और गंगा की लहरों में वह ओझल हो गया. जिस समय यह घटना हुई, उस समय युवक के पिता और अन्य परिवारीजन घाट किनारे ही मौजूद थे. सूचना पाकर मौके पर पहुंची कोहना पुलिस गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश कर रही है.
पीरोड में बलखंडेश्वर मंदिर के पास रहने वाले संजीव कुमार चौरसिया ने बताया कि उनके भाई के निधन के बाद सभी लोग भैरव घाट में शव का अंतिम संस्कार करने आए थे. अंतिम संस्कार होने के बाद सभी गंगा किनारे स्नान के लिए गए थे. उनका बेटा रितविक चौरसिया उर्फ मयंक भी थोड़ा गहराई में उतर गया और जैसे ही डुबकी लगाई, उसका पैर फिसल गया और वह डूबने लगा. इस बीच, आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो पाए. इसके बाद वह गंगा की लहरों में ओझल हो गया, जिससे परिवारीजनों में हड़कंप मच गया.
वहीं, जब इसकी सूचना उसके घर में पहुंची तो कोहराम मच गया. मौके पर पहुंची कोहना पुलिस गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश कर रही है. वहीं, यहां पर मौजूद लोगों ने भैरव घाट पर पुलिस और गोताखोरों की तैनाती की मांग की है. उन्होंने कहा कि यहां पर बड़ी संख्या में लोग आते हैं और गंगा स्नान करते हैं, इसके बावजूद सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है.

